आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की ओपनिंग सेरेमनी को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आईसीसी के साथ मिलकर 16 फरवरी को लाहौर में आगामी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन करेगा।
पीसीबी के एक सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि चेयरमैन मोहसिन नकवी ने 19 फरवरी को कराची के नेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टूर्नामेंट के पहले मैच से पहले कार्यक्रमों की एक निर्धारित सूची को मंजूरी दे दी है। पीसीबी 7 फरवरी को पुनर्निर्मित गद्दाफी स्टेडियम का आधिकारिक रूप से उद्धाटन करेगा, जिसके लिए प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
उद्घाटन समारोह ऐतिहासिक लाहौर किले के हुजूरी बाग में तय किया गया है जिसमें विभिन्न बोर्डों के अधिकारी, मशहूर हस्तियां, खेल के दिग्गज और सरकारी अधिकारी आमंत्रित किए जाएंगे।
आईसीसी और पीसीबी ने अभी तक पुष्टि नहीं की है कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा प्रेस कॉन्फ्रेंस और फोटोशूट के लिए लाहौर जाएंगे या नहीं। भारत चैंपियंस ट्रॉफी के अपने सभी मैच हाइब्रिड मॉडल के तहत दुबई में खेलेगा। वहीं अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो खिताबी मुकाबला भी 9 मार्च को संयुक्त अरब अमीरात के शहर में ही खेला जाएगा।