Breaking News

Mayawati ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी, कांशीराम को ‘भारत रत्न’ दिए जाने की मांग की

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्‍यमंत्री मायावती ने सोमवार को देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और पार्टी संस्थापक कांशीराम को ‘भारत रत्न’ दिए जाने की मांग की।

मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘समस्त देशवासियों तथा दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों एवं उनके परिवार वालों को आज 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

मायावती ने कहा, ‘‘आज के दिन अपने बेहतरीन संविधान पर गर्व करने के साथ-साथ इस दिन का विशेष महत्व तभी है जब सरकारों के बड़े-बड़े दावों और लुभावने वादों की भूल-भुलैया से अलग हटकर ईमानदारी से यह आकलन किया जाये कि क्या केंद्र एवं राज्य सरकारों की बातें केवल छलावा हैं या संविधान की सर्व समाज हितैषी सच्ची मंशा के हिसाब से देश ने राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक लोकतंत्र के क्षेत्र में अपेक्षित विकास कर लोगों के जीवन स्तर में कुछ अपेक्षित सुधार किया है?’’

उन्होंने कहा कि ऐसा करके ही देश की ज्वलंत समस्याओं को दूर करने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
बसपा प्रमुख ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा के लिये गणतंत्र दिवस पर पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्मश्री तथा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार से सम्मानित लोगों एवं उनके परिवार वालों को बधाई दी।

उन्होंने अपनी एक पुरानी मांग दोहराते हुए कहा, ‘‘देश में ‘बहुजन समाज’ के करोड़ों गरीबों, शोषितों-पीड़ितों एवं उपेक्षित लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करके उन्हें आत्म-सम्मान एवं स्वाभिमान का जीवन दिलाने के संघर्ष के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले बहुजन समाज पार्टी के जन्मदाता एवं संस्थापक कांशीराम को देश भर में उनके करोड़ों समर्थकों की इच्छा के अनुसार, अब और देरी किए बिना भारत रत्न से सम्मानित किया जाए तो यह उचित होगा। ’’
उन्होंने कहा कि कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग बसपा लगातार करती आ रही है।

Loading

Back
Messenger