Breaking News

पंजाब के अहम मुद्दों का समाधान करने में नाकाम रहे प्रधानमंत्री मोदी: आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने आरोप लगाया कि पंजाब दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य के गंभीर और अहम मुद्दों का समाधान करने में पूरी तरह विफल रहे। आप का दावा है कि प्रधानमंत्री ने जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के बजाय राज्य सरकार के खिलाफ केवल बेबुनियाद आरोप लगाने को तवज्जो दी।

आप की पंजाब इकाई के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने एक वीडियो बयान के जरिए प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए। पन्नू ने कहा कि पंजाब के लोगों को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री किसान आंदोलन के दौरान किसानों की मौत, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए कानूनी गारंटी की लंबित मांग और केंद्र द्वारा पंजाब के हिस्से की रोकी गई निधि जैसे मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे, लेकिन उन्होंने इन विषयों पर कोई जवाब नहीं दिया।

भाजपा के ‘डबल-इंजन सरकार’ के नारे पर निशाना साधते हुए पन्नू ने कहा कि पंजाब 2007 से 2017 के बीच भाजपा-शिरोमणि अकाली दल गठबंधन की सरकार का अनुभव पहले ही कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के लोग आज भी उस दौर की गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रहे हैं।

आप नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा-अकाली दल के शासनकाल के दौरान ही पंजाब में मादक पदार्थ की समस्या और गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा मिला था। पन्नू ने कहा कि पंजाब की जनता उस पुराने दौर की परेशानियों को अभी तक भूली नहीं है।

Loading

Back
Messenger