Breaking News

Bangladesh: PM Tariq Rahman के भारत दौरे के लिए ‘अनुकूल माहौल’ बनाना जरूरी

बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि वह चाहता है कि भारत प्रधानमंत्री तारिक रहमान की नयी दिल्ली की प्रस्तावित यात्रा के लिए ‘‘अनुकूल माहौल’’ बनाए। स्थानीय अखबार ने अपनी खबर में यह जानकारी दी। ये टिप्पणी 12-13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए रहमान के नयी दिल्ली दौरे को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच आई है।

रहमान ने पिछले सप्ताह भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी से मुलाकात की थी और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को बांग्लादेश प्रत्यर्पित करने की मांग की थी। हालांकि, इस बात पर कोई स्पष्टता सामने नहीं आई कि रहमान नयी दिल्ली का दौरा करेंगे या नहीं। ‘डेली स्टार’ अखबार ने रविवार को बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शाहिदुल करीम के हवाले से कहा, ‘‘हमने इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।

हमारा मानना ​​है कि इस यात्रा के लिए उचित माहौल बनाने की जरूरत है।’’
समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज24’ के अनुसार, ‘‘उचित माहौल’’ से करीम का इशारा हसीना के प्रत्यर्पण की बांग्लादेश की मांग वाले मुद्दे की ओर था। पांच अगस्त को नयी दिल्ली में हसीना के प्रेस को ऑनलाइन संबोधित करने के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव आ गया था। उस संबोधन में हसीना ने कहा था कि वह दिसंबर में स्वदेश लौटने और लोकतंत्र बहाल करके देश को ‘‘सही रास्ते’’ पर लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, भले ही उन्हें जेल या मौत की सजा का सामना करना पड़े।

बांग्लादेश ने हसीना की मीडिया से बातचीत पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि इस कार्यक्रम से बांग्लादेश के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध बेहतर करने की कोशिशों पर बुरा असर पड़ सकता है। हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय ने सात अगस्त को कहा था कि हसीना से जुड़े उस मीडिया कार्यक्रम में नयी दिल्ली की कोई भूमिका नहीं थी और वह उस मंच पर बांग्लादेश सरकार के बारे में कही गई किसी भी बात का समर्थन नहीं करता है।

Loading

Back
Messenger