जोन एरियास ने शुरूआती मिनटों में लुई सुआरेस के क्रॉस पर गोल किया और इसी एक गोल के दम पर कोलंबिया ने घाना को हराकर विश्व कप के अंतिम 16 में जगह बना ली।
कोलंबिया का सामना अब मंगलवार को वैंकूवर में स्विटजरलैंड से होगा।
मैच शुरू होने के कुछ मिनट के भीतर ही कोलंबिया के फॉरवर्ड जोन कोरडोबा को जांघ के पीछे की मांसपेशी में चोट लग गई जिसके बाद कोच नेस्टर लोरेंजो को सुआरेज को बुलाना पड़ा।
यह इंटर मियामी के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी सुआरेज नहीं बल्कि स्पोर्टिंग सीपी के लिये खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं।
उन्होंने आते ही अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ी और 14वें मिनट में डेनियल मुनोज से गेंद लेकर एरियास को जबर्दस्त क्रॉस दिया जिन्होंने घाना के गोलकीपर लारेंस एटि जिगि को छकाकर गोल कर दिया।
करीब 32 डिग्री सेल्सियस तापमान में खेले गए इस मैच की शुरूआत स्थानीय समयानुसार 8 . 30 पर हुई। कई मैचों में विवादित रहे ‘हाइड्रेशन ब्रेक’ इस मैच में खिलाड़ियों के लिये वरदान साबित हुई क्योंकि पानी की कमी और थकान हावी हो रही थी।
![]()

