Breaking News

WPL 2023 में Mumbai Indians का जलवा जारी, जानें कौन सी टीम है शीर्ष पर, किसके पास हैं सबसे अधिक अंक

महिला प्रीमियर लीग सफलतापूर्वक आयोजित हो रही है। इस लीग में अब तक सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के तौर पर पेश हुई है जिसने कोई मुकाबला नहीं गंवाया है। मुंबई ने अपनी जीत की हैट्रिक भी इसी के साथ पूरी कर ली है। मुंबई की टीम ने नौ मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में धमाकेदार खेल दिखाते हुए टीम को मात दे दी है। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा है।
 
मुंबई के खिलाफ मुकाबला हारने पर दिल्ली कैपिटल्स को भी लीग की पहली हार का सामना करना पड़ गया है। दिल्ली कैपिटल्स इससे पहले अपने दोनों मुकाबलों को जीत चुकी थी। इस मुकाबले से पहले तक दिल्ली कैपिटल्स भी दमदार खेल दिखाते हुए दोनों मुकाबलों में जीत हासिल करती आई थी। इस मुकाबले के बाद महिला प्रीमियर लीग की पॉइंट्स टेबल भी रोचक हो गई है।
 
मुंबई ने जीता तीसरा मुकाबला
बाएं हाथ की स्पिनर सैका इशाक ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा जबकि हेली मैथ्यूज ने फिर से अपनी ऑलराउंड क्षमता दिखाई जिससे मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 30 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। मुंबई ने पहले दिल्ली को 18 ओवर में 105 रन पर ढेर किया और फिर 15 ओवर में दो विकेट पर 109 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।
 
ऐसा है पॉइंट्स टेबल का हाल
बता दें कि महिला प्रीमियर लीग में अब तक कुल सात मुकाबले खेले जा चुके है। इस टूर्नामेंट में पॉइंट्स टेबल में काफी बदलाव देखने को मिले है। मुंबई इंडियंस की टीम अब तक टूर्नामेंट में कोई मुकाबला नहीं हारी है। टीम ने सभी मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया है। मुंबई की टीम तीन मुकाबलों में जीत हासिल करने के बाद 6 अंकों के साथ शीर्ष पायदान पर है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम दो मुकाबले जीतने और एक हारने के बाद चार अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है।
 
यूपी वॉरियर्स की टीम तीसरे स्थान पर है। यूपी की टीम अब तक एक मैच में जीत और एक में हार का सामना कर चुकी है। गुजरात की टीम दो अंकों के साथ चौथे स्थान पर और आरसीबी अब तक पॉइंट्स टेबल पर खाता नहीं खोल सकती है। आरसीबी शून्य अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे के पायदान पर है। बता दें कि टूर्नामेंट में सिर्फ वही टीमें आगे बढ़ेंगी जो शीर्ष तीन पायदान पर होंगी।

46 total views , 1 views today

Back
Messenger