आईपीएल 2023 के ऑक्शन की शुरुआत 23 दिसंबर से होने वाली है। इस बार 405 खिलाड़ियों की बोली लगेगी, जिसमें से 273 खिलाड़ी भारतीय और शेष विदेशी खिलाड़ी है। माना जा रहा है कि आईपीएल ऑक्शन में कई खिलाड़ियों को टीमें मोटी रकम देकर अपनी टीम का हिस्सा बनाना चाहेंगी। वहीं खिलाड़ी भी आईपीएल के जरिए अपने करियर को नई उड़ान और ऊंचाई देने पर जोर देने में जुटे हुए है।
गौरतलब है कि आईपीएल के जरिए खिलाड़ियों के करियर को नया मौका मिलता है। आईपीएल खिलाड़ियों के लिए नाम और शोहरत दोनों पाने का अच्छा मौका है। बता दें कि इस बार बोली लगाने के लिए हैदराबाद सनराइजर्स के पास सबसे अधिक रकम है। हैदराबाद की टीम के पास 42.25 करोड़ रुपये की राशि है। वहीं शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सबसे कम राशि है। बता दें कि कुछ ही देर में 87 स्लॉट के लिए बोली लगनी शुरू होगी।
जानकारी के मुताबिक थोड़ी देर में शुरू होने वाले ऑक्शन के लिए इंग्लैंड (27), साउथ अफ्रीका (22), वेस्टइंडीज (20), ऑस्ट्रेलिया (21), न्यूजीलैंड (10), श्रीलंका (10), अफगानिस्तान (8) आयरलैंड (4), नीदरलैंड (1), बांग्लादेश (4), जिम्बाब्वे (2) और नामीबिया (2) खिलाड़ी उपस्थित हैं। इस लिस्ट में बेन स्टोक्स, सैम करन और कैमरून ग्रीन पर सबसे अधिक बोली लगने की संभावना है।
ये हैं सबसे युवा और उम्रदराज खिलाड़ी
इस आईपीएल 2023 के लिए बोली में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की कई खासियत है। अफगानिस्तान के खिलाड़ी अल्लाह मोहम्मद सबसे युवा खिलाड़ी हैं जिनकी उम्र 15 वर्ष है। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपये रखा गया है। वहीं आईपीएल में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी अमित मिश्रा हैं, जिनकी उम्र 40 वर्ष है। वो आईपीएल में तीन बार हैट्रिक लेने की उपलब्धि हासिल कर चुके है।
सबसे महंगे खिलाड़ी रहे हैं ये
आईपीएल नीलामी के इतिहास में अभी तक दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस को सर्वाधिक कीमत पर खरीदा गया था। राजस्थान रॉयल्स ने 2021 में उन्हें 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। वहीं मिनी नीलामी में बेन स्टोक्स, सैम करेन, कैमरन ग्रीन और मयंक अग्रवाल जैसे खिलाड़ियों को खरीदने के लिए 10 फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होड़ देखने को मिल सकती है। टी20 विश्व कप 2022 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए करेन पर मोटी बोली लगने की संभावना है। वह अभी 24 साल के हैं और टीम उन्हें लंबे समय तक बरकरार रखने की उम्मीद के साथ अपने से जोड़ना का प्रयास करेंगी।