Breaking News

बंगाल के BJP नेता जनता को बना रहे बेवकूफ : Abhishek

तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अलग राज्य की मांग उठाकर उत्तरी बंगाल के लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने जोर दिया है कि भाजपा राज्यों के विभाजन के खिलाफ है।
राज्य के उत्तरी जिले कूचबिहार के मथभंगा में एक रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल के विभाजन की कभी अनुमति नहीं देगी।

उन्होंने कहा, ‘‘असम के मुख्यमंत्री दावा कर रहे हैं कि वे कभी राज्य का विभाजन नहीं करेंगे, जबकि पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता अलग राज्य की राग अलाप रहे हैं। ये लोग आपको (जनता को) बेवकूफ बना रहे हैं।’’
बनर्जी त्रिपुरा के सिपाहीजाला में आयोजित चुनावी रैली में शर्मा द्वारा मंगलवार को दिए बयान का संदर्भ दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा त्रिपुरा की क्षेत्रीय अखंडता से कोई समझौता नहीं करेगी भले वह राज्य में अगली सरकार बनाने में नाकाम हो जाए।

शर्मा ने कहा था, ‘‘भाजपा मूल निवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और भाषाई आधार पर सशक्त बनाने के लिए सबकुछ करने को तैयार है, लेकिन त्रिपुरा का विभाजन करने के खिलाफ है। हम छोटे राज्य की क्षेत्रीय अखंडता से कोई समझौता नहीं करेंगे, भले अगली सरकार बनाने में असफल हो जाएं।’’
तृणमूल महासचिव बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया और अपील की कि पंचायत चुनाव में भगवा पार्टी को मत न दें।

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के कुछ नेताओं की गलती की वजह से जिले के लोगों ने तृणमूल कांग्रेस से वर्ष 2019 और 2021 में मुंह मोड़ लिया था। अब गलतियों को सुधारने का समय है। सभी गलतियों को ठीक किया जाएगा। कल से ही सभी घरों को जाएंगे और लोगों की समस्याओं को सुनेंगे।’’
बनर्जी ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अकेले टिकट का फैसला करेंगी।

Loading

Back
Messenger