केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद विमान दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घायलों से मुलाकात की, जिनमें एक घायल व्यक्ति भी शामिल है, जो आज दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान AI171 का एकमात्र जीवित बचा यात्री प्रतीत होता है। अमित शाह ने कहा, “दोपहर एयर इंडिया की विमान संख्या AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हुई। कई यात्रियों के हताहत होने की संभावनाएं हैं। इस घटना से पूरा देश स्तब्ध है… पूरा देश परिवारों के साथ खड़ा है। सबसे पहले मैं भारत सरकार, गुजरात सरकार, प्रधानमंत्री की ओर से हताहत हुए लोगों को प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। 10 मिनट में ही भारत सरकार के पास सूचना पहुंच गई। तुरंत ही मैंने सभी से संपर्क किया। प्रधानमंत्री का भी फोन आया। भारत सरकार और गुजरात सरकार के सभी विभाग एक साथ होकर राहत और बचाव कार्य में लगे हैं।”
अमित शाह ने कहा, “इस विमान में कुल मिलाकर देश और विदेश के 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें से 1 यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है। मैं उनको मिलकर आया हूं। मृत्यु का आकड़ा DNA परीक्षण और यात्रियों की पहचान के बाद ही अधिकृत रूप से जारी होगा। घटना के तुरंत बार गुजरात सरकार ने आपदा प्रबंधन की सारी इकाइयों को अलर्ट करते हुए मिलकर राहत बचाव का कार्य चालू किया। विमान में सवा लाख लीटर ईंधन था। जिससे तापमान इतना ऊंचा हो गया कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला। सभी यात्रियों के शव को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। जितने यात्रियों के परिजन पहुंच गए हैं उनका DNA लेने का काम भी 2-3 घंटे में पूरा हो जाएगा। जिनके परिजन विदेश में हैं उनको सूचित कर दिया गया है।”
गुरुवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 200 से ज़्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका है। 232 यात्रियों और 10 क्रू मेंबर्स को लेकर उड़ान भरने वाला यह विमान दोपहर 1:17 बजे लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही नीचे उतर गया और बीजे मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके परिणामस्वरूप कई लोग हताहत हुए।
इसे भी पढ़ें: पत्नी और बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे विजय रूपाणी, प्लेन हादसे में पूर्व CM का निधन, गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने की पुष्टि
विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई यात्री सवार थे। वहीं, एयर इंडिया यात्रियों और एयर इंडिया कर्मचारियों के परिजनों के लिए अहमदाबाद के लिए दिल्ली और मुंबई से एक-एक राहत उड़ानें आयोजित कर रही है… दिल्ली और मुंबई में यात्रियों और कर्मचारियों के परिजन जो इन उड़ानों पर यात्रा करना चाहते हैं, वे हमारी हॉटलाइन 1800 5691 444 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जो लोग अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से आ रहे हैं और यात्रा करना चाहते हैं, वे हमारी हॉटलाइन +91 8062779200 पर कॉल कर सकते हैं।
टाटा समूह बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को एक करोड़ रुपये की राशि देगा। अहमदाबाद से 242 लोगों को लेकर ब्रिटेन के लंदन जा रहा विमान बृहस्पतिवार दोपहर उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा, “हम एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी दुखद घटना से बहुत दुखी हैं।” उन्होंने कहा, “इस समय हम जो दुख महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायलों और उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।”
इसे भी पढ़ें: भारत के लोगों…अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर आया पाकिस्तान का रिएक्शन, जानें बिलावल भुट्टो ने क्या कहा?
अहमदाबाद हवाई अड्डे से बृहस्पतिवार दोपहर उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के ‘बोइंग 787 ड्रीमलाइनर’ विमान (एआई171) का मलबा बीजे मेडिकल कॉलेज परिसर में चिकित्सकों के छात्रावास व आवासीय क्वार्टरों के आसपास बिखरा हुआ है। गुजरात के इतिहास में सबसे भीषण दुर्घटनाओं में से एक इस विमान हादसे के बाद वायरल हुए वीडियो में मलबे में झुलसे हुए शव भी दिखाई दे रहे हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद 242 यात्रियों को लेकर अहमदाबाद से लंदन जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटनास्थल के आसपास का इलाका घनी आबादी वाला है।