Breaking News

Amit Shah ने Alwar में कहा: 2047 तक विकसित भारत के लिए गरीब, युवा और नारी को सशक्त बनाना होगा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि 2047 तक भारत को पूरी तरह विकसित राष्ट्र बनाने के लिए गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को सशक्त बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता और डेरी क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने तथा पशुपालक किसानों के जीवन में सुधार लाने की क्षमता है। अलवर में एक समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘ज्ञान’ की अवधारणा का आशय गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी से है।

शाह ने कहा, ‘‘अगर भारत को 2047 तक पूरी तरह विकसित राष्ट्र बनाना है तो युवाओं, गरीबों, किसानों और महिलाओं को सशक्त करना होगा।’’
उन्होंने बताया कि राजस्थान में वर्तमान में करीब 44 हजार सहकारी समितियां हैं और सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी गांव ऐसा न हो, जहां कोई सहकारी समिति नहीं हो। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के लिए हर साल महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 से 2026 तक खेती-किसानी से जुड़ी कोई बड़ी पहल किए बिना एक भी वर्ष नहीं गुजरा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सबसे अधिक मात्रा में खाद्यान्न की खरीद की है। शाह ने कहा, ‘‘हम हर गांव को समृद्ध बनाएंगे।’’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष समेत पार्टी के नेता आपसी कलह में उलझे हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘राजस्थान की जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनने का मन बना लिया है।

आपकी हार निश्चित है।’’
इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं अलवर से सांसद भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के अन्य नेता मौजूद थे।

Loading

Back
Messenger