Breaking News

ओडिशा के जाजपुर में BJD पदयात्रा पर हमला, पूर्व विधायक ने दर्ज कराई शिकायत

भुवनेश्वर/जाजपुर, चार अक्टूबर बीजू जनता दल (बीजद) नेता प्रणब बलबंतराय ने रविवार को आरोप लगाया कि ओडिशा के जाजपुर जिले में पार्टी की ‘जन संपर्क पदयात्रा’ के दौरान सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े और धर्मशाला के निर्दलीय विधायक हिमांशु शेखर साहू के समर्थक हथियारबंद लोगों के एक समूह ने उन पर और उनके समर्थकों पर हमला किया तथा उनके वाहनों में तोड़फोड़ की। बीजद अध्यक्ष और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने इस घटना की कड़ी निंदा की। यह घटना दोपहर करीब तीन बजे जेनापुर थाना क्षेत्र के मधुपुरगढ़ ग्राम पंचायत में हुई, जब बलबंतराय पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे थे।

दो बार विधायक रह चुके बलबंतराय ने पत्रकारों से कहा, “तलवार, कुल्हाड़ी और अन्य हथियार लिए करीब 40-50 लोगों ने मुझे और बीजद के अन्य नेताओं को गंभीर चोट पहुंचाने के इरादे से हमला किया। हमले में तीन वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। बाद में बलबंतराय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

जाजपुर के पुलिस अधीक्षक यश प्रताप श्रीमाल ने कहा कि अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। साहू से प्रतिक्रिया के लिए फिलहाल संपर्क नहीं हो सका है, जबकि भाजपा की जाजपुर जिला अध्यक्ष देबजानी प्रधान ने आरोपों को खारिज कर दिया।

Loading

Back
Messenger