हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी लगभग अपने सभी उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। जिसमें 2022 में आदमपुर सीट से उपचुनाव जीतने वाले विधायक भव्य बिश्नोई का नाम भी शामिल है। भारतीय जनता पार्टी ने भव्य बिश्नोई पर सगातार दूसरी बार भरोसा जताते हुए हिसार की आदमपुर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है।
आखिर कौन हैं भव्य बिश्नोई?
भव्य बिश्नोई हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल बिश्नोई के पोते हैं। बिश्नोई का जन्म 16 फरवरी 1993 को हुआ था। उनके पिता कुलदीप बिश्नोई भी सांसद रहे हैं, इसके अलावा उनकी मां रेणुका बिश्नोई भी आदमपुर और हांसी सीट से विधायक रह चुकी हैं। भव्य बिश्नोई 2022 के उपचुनाव में जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा तक पहुंचे थे। हाल ही में उनकी शादी राजस्थान की रहने वाली IAS अफसर परी बिश्नोई से हुई थी। उन दिनों यह शादी काफी ट्रेंड में भी रही थी। उनकी शादी काफी शाही तरीके से हुई थी। जिसमें 3 राज्यों के करीब 3 लाख लोगों को निमंत्रण भेजा गया था।
राजस्थान के बीकानेर जिले की रहनी वाली हैं आईएएस परी बिश्नोई
भव्य बिश्नोई की शादी राजस्थान के उदयपुर में हुई थी। तो वहीं दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में रिसेप्शन हुआ था। भव्य बिश्नोई की IAS पत्नी परी बिश्नोई ने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 30 हासिल की थी। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में सिविल सर्विस परीक्षा में सफलता हासिल की थी। परी बिश्नोई राजस्थान के बीकानेर जिले की रहनी वाली हैं। वहीं भव्य बिश्नोई ने लंदन स्कूल ऑफ इकॉनॉमिक्स और पॉलिटिकल साइंस से पढ़ाई की है। इसके साथ ही उन्होंने हावर्ड यूनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में मास्टर्स की डिग्री भी हासिल की है।
आदमपुर सीट पर उपचुनाव में बीजेपी की टिकट पर लड़ रहे भव्य बिश्नोई को 67376 वोट मिले थे, उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश को मात दी थी। जय प्रकाश 51662 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं उपचुनाव में इनेलो उम्मीदवार कुर्दा राम नंबरदार और AAP प्रत्याशी सतेंद्र सिंह की जमानत जब्त हो गई थी।