विधानसभा चुनाव से ठीक पहले महाराष्ट्र में उठापटक की राजनीति का भयंकर दौर जारी हो गया है है। राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों ने अपनी तैयारी तेज कर रखी है। वहीं इस क्रम में मुंबई के सबसे चर्चित उपनगरों में से एक बांद्रा पश्चिम विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। यहां भारतीय जनता पार्टी के विधायक आशीष शेलार का मुकाबला कांग्रेस पार्टी के राजेश शर्मा से होने जा रहा है।
कांग्रेस ने की प्रिया दत्त की छुट्टी
बांद्रा पश्चिम विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी लगातार ही विजयी होती रही है। लेकिन बीते 10 वर्षों से इस विधानसभा सीट पर BJP कब्जा किये हुए है। अटकलें लगाई जा रही थी कि प्रिया दत्त बांद्रा पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन इस बार कांग्रेस ने राजेश शर्मा पर दांव लगाया है। जानकारी दें कि बीते दो चुनावों में प्रिया दत्त इस विधानसभा क्षेत्र में BJP को हराने में असमर्थ रहीं। वहीं राजनीतिक क्षेत्र में उनकी निष्क्रियता और उनके जनसंपर्क कार्यालय को बंद करने से भी उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं।
पार्टी में राजेश शर्मा की एंट्री
तो वहीं, अब इस चुनाव में कांग्रेस ने BJP को उसी के गढ़ में भेदने के लिए न केवल अल्पसंख्यक वोटों को एकजुट करने बल्कि हिंदू वोटों को भी अपने पाले में करने के लिए इस बार राजेश शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है। पूर्व उप महापौर राजेश शर्मा RSS पृष्ठभूमि से हैं। वे साल 2012 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। ऐसे में अब राजेश शर्मा के मैदान में आने से इस सीट पर मुकाबला कड़ा हो गया है। वहीं बीते 2 सितंबर 2024 कांग्रेस की एक आंतरिक सर्वेक्षण रिपोर्ट की मानें तो BJP के आशीष शेलार को 46% और कांग्रेस के राजेश शर्मा को 49% जीत की संभावना जताई गई है। कांग्रेस की हमेशा से यह दिक्कत रही कि BJP के मुंबई शहर प्रमुख आशीष शेलार से मुकाबले के लिए बड़ा कैंडिडेट नहीं है।
बांद्रा पश्चिम सीट और क्षेत्र के मतदाता
इस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र महाराष्ट्र राज्य के 288 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से ही एक है। यह मुंबई उपनगरीय जिले में स्थित है और मुंबई उत्तर मध्य संसदीय सीट के 6 विधानसभा क्षेत्रों में से एक मानी जाती है। बांद्रा पश्चिम विधानसभा में अनुसूचित जाति मतदाताओं की संख्या लगभग 8,709 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 2.84% है। यहां अनुसूचित जनजाति मतदाताओं की संख्या लगभग 2,423 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 0.79% है। इसी तरह यहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 77,583 है जो मतदाता सूची विश्लेषण के अनुसार लगभग 25.3% है।
बांद्रा पश्चिम विधानसभा में ग्रामीण मतदाताओं की संख्या लगभग 0 ही है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 0% है। वहीं यहां शहरी मतदाताओं की संख्या लगभग 306,653 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 100% है। अगर 2019 के संसदीय चुनाव को देखें तो बांद्रा पश्चिम विधानसभा में कुल 306653 मतदाता हैं। साल 2019 के संसदीय चुनाव के अनुसार यहां मतदान केंद्रों की संख्या 286 है। वहीं साल 2019 के ही विधानसभा चुनाव में बांद्रा पश्चिम विधानसभा का मतदाता मतदान प्रतीशत 42.72% रहा था।
जानिए आखिर कौन हैं आशीष शेलार
भाजपा नेता आशीष शेलार का जन्म 3 अक्टूबर 1972 को महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में हुआ था। वे मुंबई के मिल-मजदूर इलाके में एक चॉल सिस्टम में पले-बढ़े, उसके बाद वे अपने परिवार के साथ बांद्रा पश्चिम चले गए। शेलार ने पार्ले कॉलेज से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और 1992 में विज्ञान स्नातक (बीएससी) की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय के जीजे आडवाणी लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल की। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत स्कूल के दिनों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से की थी और बाद में कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में शामिल हो गए, अंततः एबीवीपी के मुंबई सचिव बने।
प्रमुख उपलब्धियां
शैक्षिक सुधार : स्कूल शिक्षा मंत्री के रूप में, शेलार ने महाराष्ट्र में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने, इसे अधिक समावेशी और सुलभ बनाने पर केंद्रित सुधारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्रिकेट प्रशासन : बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका में, शेलार क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जमीनी स्तर के खेलों को बढ़ावा देने में शामिल रहे हैं।
बुनियादी ढांचा और विकास : अपने निर्वाचन क्षेत्र बांद्रा पश्चिम में, शेलार ने बेहतर सड़कों और जलापूर्ति सहित सार्वजनिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे में सुधार के उद्देश्य से विभिन्न विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।