Breaking News

DU में DUSU Election की तैयारी शुरू, कुलपति ने चुनाव अधिकारी नियुक्त किए

नयी दिल्ली, पांच अगस्त दिल्ली विश्वविद्यालय ने बुधवार को आगामी छात्र संघ चुनाव के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की। यह चुनाव सितंबर में होने की संभावना है। अधिसूचना में कहा गया है कि रसायन विज्ञान विभाग के राज किशोर शर्मा को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चुनाव के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है, जबकि विश्वविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष राजेश सिंह को मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीआरओ) बनाया गया है।

अधिसूचना में कहा गया है कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के संविधान की धारा 16 के तहत डूसू के संरक्षक के तौर पर कुलपति ने ये नियुक्तियां की हैं। अधिसूचना के अनुसार, ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी। ये नियुक्तियां वार्षिक डूसू चुनाव की प्रक्रिया की शुरुआत का संकेत हैं।

डूसू चुनाव देश के सबसे अधिक चर्चित छात्र संघ चुनावों में शामिल हैं, जिनमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) जैसे प्रमुख छात्र संगठन चुनावी मुकाबले में उतरते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा उचित समय पर चुनाव की विस्तृत समय-सारिणी जारी किए जाने की उम्मीद है, जिसमें नामांकन दाखिल करने, नाम वापस लेने, मतदान और मतगणना की तारीखें शामिल होंगी।

Loading

Back
Messenger