Breaking News

दिल्ली में हुई भारी बारिश, कई हिस्सों में जलभराव एवं यातायात जाम

दिल्ली के कई इलाकों में शनिवार को भारी वर्षा हुई जिससे जलभराव एवं यातायात जाम की समस्या खड़ी हो गयी। दिल्ली के कई हिस्से पिछले कुछ दिनों से पहले से ही बाढ़ की चपेट में हैं।
यमुना के ऊजरी जलग्रहण क्षेत्रों में कई दिनों की बारिश के बाद नदी के जलस्तर में वृद्धि के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अप्रत्याशित बाढ़ जैसी स्थिति है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज बारिश से दिल्ली में अधिकतम तापमान एक डिग्री घटकर 34.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार सापेक्षिक आर्द्रता 64 प्रतिशत और 92 प्रतिशत के बीच रही।

मौसम कार्यालय ने रविवार को आसमान में बादल छाये रहने और हल्की से मध्यम वर्षा होने एवं गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान व्यक्त किया है।
मौसम विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
पुलिस ने ट्वीट किया कि मथुरा रोड पर बदरपुर से आश्रम तक यातायात प्रभावित रहा, अपोलो अस्पताल एवं जसोला मेट्रो स्टेशन के पास जलभराव होने से सरिता विहार फ्लाईओवर के पास यातायात धीमा था।

पुलिस ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि तिलक ब्रिज के पास जलभराव की वजह से दिल्ली गेट से इंडिया गेट की ओर यातायात प्रभावित हुआ।
शनिवार की वर्षा से यमुना में जलस्तर बढ़ने की आशंका है जो पहले ही पिछले कई दिनों से खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बह रही है।
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, शनिवार सुबह सात बजे यमुना का जलस्तर घटकर 207.62 मीटर पर आ गया, जो बृहस्पतिवार रात आठ बजे 208.66 मीटर पर था।

Loading

Back
Messenger