कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना की और इसकी तुलना अंग्रेजों से की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर अंग्रेजों की तरह देश के संसाधनों को लूटने का आरोप लगाया। खड़गे झारखंड के देवघर में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने देश के जल, जंगल और जमीन को वैसे ही लूटा जैसा अंग्रेजों ने किया था।
इसे भी पढ़ें: बाहरी लोग पंजाब में न खरीद सकें जमीन, कांग्रेस के कानून लाने वाली मांग पर भड़के जाखड़, कहा- ये विघटन की बात करते हैं
खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार ने अंग्रेजों की तरह 10 साल में देश के जल, जंगल और जमीन को लूटा। पीएम मोदी ने देश की संपत्ति अपने अरबपति दोस्तों को सौंप दी। हमने अंग्रेजों का सामना किया और हम भाजपा से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि हमारे लोग आजादी के लिए लड़े और फांसी पर लटके। उस समय ना RSS थी, ना जनसंघ। हमने लोकतंत्र को मजबूत किया, संविधान बनाया। आज आप हमारी वजह से कुर्सी पर बैठे हैं, लेकिन आप संविधान का दुरुपयोग कर रहे हैं। हमें इस संविधान को बचाना है और मिलकर ये लड़ाई लड़नी है।
इसे भी पढ़ें: Lucknow पहुँचे राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma, ‘इंडिया गठबंधन’ और Mamata Banerjee पर बोला हमला
खड़गे ने कांग्रेस के विपरीत दावा करते हुए यह भी आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल देश को धार्मिक आधार पर बांट रहा है। उन्होंने कहा, ”कांग्रेस हिंदू और मुसलमानों को जोड़ती है, जबकि मोदी हिंदुओं और मुसलमानों को बांटते हैं।” कांग्रेस अध्यक्ष ने मतदाताओं से केंद्र में भगवा पार्टी की सरकार को बाहर का रास्ता दिखाकर संविधान बचाने का आह्वान किया। उन्होंने आदिवासियों से वादा करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो आदिवासियों के लिए अलग सरना धार्मिक कोड लागू करेगी।