Breaking News

PSA के तहत हिरासत रद्द किये जाने के बाद Kathua जेल से बाहर आये Mehraj Malik, समर्थकों ने मनाया जश्न

आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक की लोक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय द्वारा रद्द किए जाने के बाद उन्हें आज कठुआ जेल से रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद मेहराज मलिक ने कहा कि अब जब उन्हें रिहा कर दिया गया है, वह लोगों के मुद्दों को उठाना जारी रखेंगे। हम आपको बता दें कि मेहराज मलिक के खिलाफ डोडा जिला मजिस्ट्रेट द्वारा पिछले वर्ष आठ सितंबर को जारी किए गए हिरासत आदेश को न्यायमूर्ति मोहम्मद यूसुफ वानी ने रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति ने अधिकारियों को ‘‘याचिकाकर्ता-बंदी को तत्काल रिहा करने का निर्देश दिया था। मलिक के अधिवक्ता एवं आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता अप्पू सिंह सलाथिया ने पत्रकारों से कहा, ‘‘सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आज सुबह जेल प्राधिकारियों ने मलिक को रिहा कर दिया।’’ 
उधर, आम आदमी पार्टी नेता की रिहाई के लिए सुबह कठुआ जेल के द्वार खुलते ही दर्जनों लोगों ने उनके समर्थन में नारेबाजी की, ढोल की थाप पर नृत्य किया और उन्हें फूलों की माला पहनाई। उन्होंने जेल से रिहा होने के बाद कहा कि वह लोगों के हक के लिए लड़ाई जारी रखेंगे। मेहराज मलिक ने पत्रकारों से कहा, ‘‘अब मैं जेल से बाहर आ गया हूं। मुझे न्याय दिलाने के लिए मैं न्यायपालिका का अभार व्यक्त करता हूं। मैं लोगों की समस्याएं उठाता रहूंगा।’’

इसे भी पढ़ें: Jammu में Drug Peddlers के खिलाफ Bulldozer Action, Srinagar में आतंकवादियों के चार मददगार गिरफ्तार, आतंकी की संपत्ति कुर्क

हम आपको याद दिला दें कि मेहराज मलिक को पिछले साल सितंबर में सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में पीएसए के तहत हिरासत में लिया गया था तथा बाद में उन्हें कठुआ जेल में रखा गया था। उन्होंने 24 सितंबर को उच्च न्यायालय में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर कर अपनी हिरासत को चुनौती दी और मुआवजे के तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की थी।

Loading

Back
Messenger