Breaking News

Bengaluru में ‘Cockroach Janta Party’ पर एक्शन, गृह मंत्री Parameshwara बोले- पुलिस का फैसला स्वतंत्र

 कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि पुलिस ने कानून-व्यवस्था और अन्य प्रासंगिक पहलुओं का आकलन करने के बाद एक अज्ञात समूह (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रस्तावित कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार करने का स्वतंत्र निर्णय लिया।
परमेश्वर ने यह बयान संवाददाताओं द्वारा पुलिस की ओर से रविवार को बेंगलुरु में होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) सम्मेलन के लिए अनुमति देने से इनकार करने संबंधी खबरों के बारे में पूछे जाने पर दिया।
बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार को जनता को टाउन हॉल के पास 24 मई को सीजेपी कर्नाटक इकाई द्वारा प्रस्तावित ‘शांतिपूर्ण मानव शृंखला’ कार्यक्रम में भाग लेने या सोशल मीडिया संदेशों को प्रसारित करने के खिलाफ चेतावनी दी।

उसने स्पष्ट किया था कि इस तरह के आयोजन के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट का हवाला दिया, जिसमें सीजेपी ने लोगों को रविवार को बेंगलुरु के टाउन हॉल के सामने शांतिपूर्ण मानव शृंखला प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में इकट्ठा होने का आह्वान किया था।
परमेश्वर ने पुलिस द्वारा सीजेपी के कार्यक्रम को अनुमति नहीं देने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘पुलिस ऐसे आयोजन के उद्देश्य, इसमें शामिल लोगों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच करती है। इसी आकलन के आधार पर पुलिस अनुमति देने या न देने का निर्णय लेती है। यदि उन्होंने अनुमति देने से इनकार किया है, तो इसके पीछे कुछ कारण जरूर होंगे।’’
मंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारी बड़े समारोहों और सम्मेलनों के संबंध में निर्णय लेने से पहले सभी प्रासंगिक कारकों का स्वतंत्र रूप से आकलन करते हैं।

उन्होंने संकेत दिया कि अनुमति देने या अस्वीकार करने में कानून व्यवस्था प्राथमिक कारण होती है।
गृह मंत्री की यह टिप्पणी सीजेपी के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़े विवाद और इस अटकलबाजी के बीच आई है कि क्या आयोजकों को सम्मेलन आयोजित करने की अनुमति दी जाएगी।

कर्नाटक मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को कलबुर्गी जिले के आलंद तालुक में लाडले मशक दरगाह में मार्च 2022 में हुई हिंसक घटना के दौरान लोगों के खिलाफ दर्ज दंगा मामलों को वापस लेने का फैसला किया है।

राज्य की मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने इस फैसले को अदालत में चुनौती देने का फैसला किया है।
भाजपा के कदम पर परमेश्वर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘यह उन पर निर्भर है। हम इस बारे में उन्हें सलाह नहीं दे सकते।’’
मंत्रिमंडल में फेरबदल और राज्यसभा चुनावों को लेकर चल रही अटकलों पर परमेश्वर ने कहा कि ये फैसले पार्टी नेतृत्व पर निर्भर करते हैं।

Loading

Back
Messenger