Breaking News

S Jaishankar ने Iran से वाणिज्यिक जहाजों पर हमले रोकने का किया आग्रह

(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 31 जुलाई भारत ने शुक्रवार को ईरान से दृढ़ता के साथ अपील की कि वह किसी भी हालत में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमले नहीं करे। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर हुई बातचीत के दौरान कहा कि भारत किसी भी पक्ष की ओर से किए गए ऐसे किसी भी हमले की निंदा करता है। जयशंकर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘क्षेत्र में जारी संघर्ष को लेकर अराघची से बातचीत में अपनी गहरी चिंता जाहिर की।

मैंने जोर देकर कहा कि किसी भी परिस्थिति में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमलों से बचा जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत किसी भी पक्ष की ओर से किए गए ऐसे हमले की निंदा करता है।’’
जयशंकर ने कहा कि अराघची ने उन्हें मौजूदा घटनाक्रम और जारी वार्ताओं पर ईरान के दृष्टिकोण से अवगत कराया। उन्होंने कहा, ‘‘भारत हमेशा संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है।’’
दोनों विदेश मंत्रियों के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। भारत होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों को लेकर लगातार गंभीर चिंता जताता रहा है।

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में बताया कि फरवरी से पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में 10 नाविकों सहित 16 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 75 अन्य घायल हुए हैं। एक प्रश्न के लिखित उत्तर में सिंह ने कहा, ‘‘2026 में पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से 10 नाविकों सहित 16 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है। इनमें से एक सऊदी अरब, दो कुवैत, आठ ओमान, एक इराक और चार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मारे गए।

वहीं, 75 भारतीय घायल हुए हैं, जिनमें 32 संयुक्त अरब अमीरात, 24 ओमान, चार कतर, 13 कुवैत, एक सऊदी अरब और एक इजराइल में घायल हुआ।’’
एक प्रश्न के जवाब में सिंह ने जून में एक ऊर्जा परिसर में हुए विस्फोट और आग लगने की घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘इन हमलों से इतर एक हादसे में कतर के रास लाफान गैस केंद्र में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई।

Loading

Back
Messenger