Breaking News

आभूषण की दुकान में डकैती के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

तेलंगाना के हैदराबाद में 12 अगस्त को एक आभूषण की दुकान में डकैती डालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस विज्ञप्ति में कहा गया कि बिहार से जुड़े इस गिरोह के सदस्यों ने हैदराबाद में सोने और हीरे के आभूषणों की दुकानों को हथियारों के बल पर लूटने की योजना बनाई थी।

विज्ञप्ति के अनुसार, गिरोह ने अपने सहयोगी दीपक कुमार साह की मदद से 31 जुलाई को शहर में किराये पर मकान लिया। दीपक हैदराबाद में वेल्डिंग का काम करता है। गिरोह ने पहले चंदानगर क्षेत्र की आभूषण दुकानों की टोह ली और उसके बाद खजाना ज्वैलर्स में डकैती की।

पुलिस ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर गिरोह के एक सदस्य आशीष कुमार सिंह को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया। उसकी जानकारी पर दीपक कुमार साह को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने गिरोह को ठहरने की जगह, वाहन उपलब्ध कराए और दुकानों की पहचान में मदद की।

विज्ञप्ति के अनुसार, गिरोह के छह सदस्य 12 अगस्त को नकाब पहनकर शो-रूम में घुसे और एक उपप्रबंधक पर गोली चला दी, जिससे उसके बाएं घुटने में चोट आई। इसके बाद, उन्होंने करीब 10 किलो चांदी के सामान (जिसमें सोने की परत चढ़े चांदी के आभूषण भी शामिल थे) की लूट की। घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से 900 ग्राम चांदी के सामान बरामद किए गए हैं।
जांच से पता चला कि इस डकैती में कुल सात लोग शामिल थे और शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरोह के सदस्यों के खिलाफ बिहार और अन्य राज्यों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।

Loading

Back
Messenger