Breaking News

VP CP Radhakrishnan का Sri Vijaya Puram दौरा, Har Ghar Tiranga अभियान का बनेंगे हिस्सा

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को श्री विजय पुरम पहुंचे, जहां वह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि राधाकृष्णन शनिवार सुबह एक विशेष विमान से वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित नौसैनिक वायु अड्डे ‘आईएनएस उत्क्रोश’ पर उतरे, जहां वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
उन्होंने बताया कि ‘आईएनएस उत्क्रोश’ से राधाकृष्णन लोक निवास गए, जहां उन्होंने उपराज्यपाल डीके जोशी के साथ बैठक की।

अधिकारियों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति शनिवार शाम सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक का दौरा देंगे, जहां वह शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि देंगे।
उन्होंने बताया कि सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक में राधाकृष्णन स्वतंत्रता ज्योति पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और उस कोठरी में भी जाएंगे, जहां ब्रिटिश शासन के दौरान वीडी सावरकर को कैद रखा गया था।

अधिकारियों के अनुसार, ‍सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक में उपराष्ट्रपति आजादी के आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान पर आधारित ‘लाइट एंड साउंड शो’ भी देखेंगे।
उन्होंने बताया कि नौ अगस्त की सुबह उपराष्ट्रपति श्री विजय पुरम में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत फ्लैग पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद राधाकृष्णन एक सभागार में राज्य स्तरीय ‘वंदे मातरम तिरंगा संगीत कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर उपराष्ट्रपति ऐतिहासिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप का दौरा करेंगे और शाम को नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Loading

Back
Messenger