Breaking News

UP में भारी बारिश और बाढ़ पीड़ितों को तत्काल मिले मुआवजा, CM Yogi Adityanath का आदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अतिवृष्टि के कारण हुई जनहानि और पशुहानि पर नियमानुसार तत्काल मुआवजा दिया जाए। उन्होंने बारिश के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें भी जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

योगी ने फसल नुकसान का तत्काल आकलन कराने और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य पूरी गंभीरता के साथ चलाए जाएं, ताकि प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को क्षेत्र में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने और प्रभावित परिवारों से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को तत्काल सुनकर उपलब्ध संसाधनों से उनका समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए और कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

Loading

Back
Messenger