अमेरिका में ओहायो के टोलेडो शहर से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां चल रहे एक कम्युनिटी फेस्टिवल के पास अचानक हुई गोलीबारी में कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद वहां मौजूद भीड़ में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
टोलेडो के डिप्टी पुलिस चीफ जो हेफरनन ने बताया कि घायलों में से दो लोगों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि कम से कम दो लोग हथियार चला रहे थे और वे दोनों संभवतः एक-दूसरे पर ही गोलियां बरसा रहे थे।
गवर्नर ने जताई गहरी चिंता
टोलेडो पुलिस विभाग के अनुसार, यह घटना ‘ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल’ के पास हुई। यह शहर के एक ऐतिहासिक इलाके में हर साल होने वाला एक बड़ा प्रोग्राम है, जिसमें लाइव म्यूजिक और होम टूर जैसे कई आयोजन होते हैं।
इस घटना पर ओहायो के गवर्नर माइक डेवाइन ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपने बयान में कहा, “आज रात टोलेडो की स्थिति को लेकर मैं बहुत चिंतित हूं। गर्मियों के ये त्योहार परिवारों के लिए सुरक्षित जगह होने चाहिए, जहां लोग बिना किसी डर के एंजॉय कर सकें, न कि हिंसा का शिकार हों।” सोशल मीडिया पर भी इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग गोलियों की आवाज सुनकर जान बचाकर भागते दिख रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: जब हमला हुआ खामनेई के साथ थे! वो आखिरी वक्त तक…अरागची ने अब बताई उस रात की पूरी कहानी
अब तक साफ नहीं हुई गोलीबारी की वजह
पुलिस ने अभी तक गोलीबारी की वजहों का खुलासा नहीं किया है। कई घायलों को इलाज के लिए पास के मेडिकल सेंटर्स में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त वहां मौजूद केविन बेरी नाम के एक शख्स ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ पार्क में बैठकर लाइव म्यूजिक सुन रहे थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी।
चश्मदीदों ने बयां किया आंखों देखा हाल
केविन के मुताबिक, आवाज सुनते ही सब लोग जमीन पर लेट गए। जब उन्होंने उठकर देखा, तो उनसे करीब 50 फीट की दूरी पर एक बंदूक जमीन पर गिरी हुई थी। फेस्टिवल की सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अमेरिकी नौसेना में रह चुके केविन ने मेडिकल ट्रेनिंग ली हुई थी, इसलिए उन्होंने तुरंत आगे बढ़कर पीड़ितों की मदद की। उन्होंने अपनी आंखों से कम से कम पांच लोगों को गोली से जख्मी हालत में पार्क के आसपास बिखरे देखा।
इसे भी पढ़ें: इजराइल ने UN में अचानक निकाल लिया ड्रोन, पूरी दुनिया में तहलका!
क्या है ‘ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल’?
टोलेडो के ऐतिहासिक इलाके में होने वाला यह दो दिनों का एक बेहद लोकप्रिय उत्सव है। इसमें लाइव म्यूजिक के साथ-साथ खाने-पीने के स्टॉल्स, शॉपिंग और पुराने घरों के टूर शामिल होते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस फेस्टिवल को टोलेडो में गर्मियों के त्योहारी सीजन की शुरुआत माना जाता है, लेकिन इस बार की शुरुआत इस दर्दनाक हादसे के साथ हुई है।