Breaking News

US Operation Checkmate | अमेरिका में ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के तहत 30 अवैध भारतीय ट्रक चालक गिरफ्तार, जल्द होंगे निर्वासित

अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे और वाणिज्यिक ट्रक चालक (Commercial Truck Driver) के तौर पर काम कर रहे करीब 30 भारतीय नागरिकों को एक बड़े संघीय अभियान के तहत गिरफ्तार किया गया है। इन सभी को जल्द ही अमेरिका से निर्वासित (Deport) किया जाएगा। यह कार्रवाई अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (CBP) द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन चेकमेट’ (Operation Checkmate) के तहत की गई है। CBP द्वारा सोमवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, एरिजोना में युमा सेक्टर के सीमा गश्त एजेंटों ने 11 से 15 मई के दौरान इस विशेष अभियान को अंजाम दिया।

 क्या है ‘ऑपरेशन चेकमेट’ और कैसे हुई गिरफ्तारी?

अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) ने सोमवार को एक बयान में बताया कि एरिजोना में युमा सेक्टर के सीमा गश्त एजेंटों ने 11 से 15 मई के दौरान अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 52 लोगों को ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के तहत गिरफ्तार किया जिनमें से 36 ट्रक चलाते पाए गए।
गिरफ्तार किए गए इन अवैध ट्रक चालकों में 30 भारत से हैं जबकि बाकी छह मेक्सिको, अल सल्वाडोर और रूस से हैं। उनके पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के वाणिज्यिक चालक लाइसेंस थे जबकि कुछ के पास किसी भी तरह का चालक लाइसेंस नहीं था।

इनमें से अधिकतर लोगों के पास ऐसे रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज थे जो अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के नेतृत्व वाले प्रशासन के दौरान हासिल किए गए थे और अब वैध नहीं हैं। सभी लोगों के खिलाफ संघीय कानून के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें निर्वासित किया जाएगा।

‘ऑपरेशन चेकमेट’ का उद्देश्य देश में अवैध रूप से रह रहे और वाणिज्यिक मोटर वाहन चला रहे लोगों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करना और आव्रजन कानूनों को लागू कर सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना है।
अमेरिकी सीमा गश्त के युमा सेक्टर के कार्यवाहक मुख्य गश्त एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा, ‘‘ऑपरेशन चेकमेट समुदायों और सड़कों को ऐसे चालकों से सुरक्षित रखने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो गैरकानूनी रूप से रहकर वाहन चलाते हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा करते हैं।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन के तहत परिवहन विभाग ने अयोग्य विदेशी चालकों को वाणिज्यिक ट्रक और बस चलाने के लिए लाइसेंस प्राप्त करने से रोकने का आदेश जारी किया है।
पिछले कई महीनों में अमेरिका में वाणिज्यिक वाहन चलाते समय घातक हादसे करने के आरोप में भारतीय मूल के ट्रक चालकों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ आरोप तय किए जाने के मामले सामने आए हैं।

 Stay updated with International
News in Hindi
on Prabhasakshi

 

Loading

Back
Messenger