एशिया प्रशांत संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (यूएनईएससीएपी) ने कहा है कि व्यापार सुविधा के मामले में भारत अब दक्षिण-एशियाई क्षेत्र में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला देश है।
यूएनईएससीएपी के डिजिटल और सतत व्यापार सुविधा पर नवीनतम वैश्विक सर्वेक्षण के अनुसार, साल 2021 की तुलना में भारत ने अपनी स्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया है।
इस वर्ष के सर्वेक्षण में 140 से अधिक अर्थव्यवस्थाओं को शामिल किया गया है और 60 व्यापार सुविधा उपायों का मूल्यांकन किया गया है। इस सर्वेक्षण में 2021 में 90.32 प्रतिशत के स्कोर की तुलना में 2023 में 93.55 प्रतिशत के बेहतर अंक के साथ भारत को वैश्विक व्यापार सुविधा प्रयासों में सबसे आगे रखा गया है।
हालिया सर्वेक्षण में विभिन्न उप संकेतकों में भारत की असाधारण प्रगति को स्वीकार किया गया है।इसके अनुसार भारत ने चार प्रमुख क्षेत्रों- पारदर्शिता, औपचारिकताएं, संस्थागत व्यवस्था एवं सहयोग तथा कागज रहित व्यापार में 100 प्रतिशत का अंक हासिल किया है।
ये उल्लेखनीय अंक व्यापार प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, पारदर्शिता बढ़ाने औरव्यापार की सुविधा के लिए एकल खिड़की व्यवस्था (स्विफ्ट), ‘प्री-अराइवल डेटा प्रोसेसिंग,समन्वित सीमा प्रबंधन जैसे उपायों के माध्यम से संबंधित पक्षों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने में भारत के अथक प्रयासों का प्रमाण हैं।
भारत ने ‘व्यापार सुविधा में महिलाएं’ के मामले में 2023 में 77.8 प्रतिशत तक अंक हासिल किये हैं जो 2021 में 66.7 प्रतिशत था। यह स्त्री-पुरूष समावेशिता और व्यापार क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को बताता है।
वित्त मंत्रालय ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, ‘‘भारत अब दक्षिण एशिया क्षेत्र के सभी देशों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला देश है। भारत को जो कुल अंक मिला है, वह कनाडा, फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी आदि सहित कई विकसित देशों से अधिक है।