ऑस्ट्रेलिया के प्रांतीय नेता क्रिस मिन्स महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय साझेदारों में एक (भारत) के साथ अपने प्रांत का आर्थिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने लिए इस माह के आखिर में एक सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत यात्रा करेंगे। रविवार को एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी। मिन्स के कार्यालय ने बताया कि न्यू साउथ वेल्स के शासनाध्यक्ष मिन्स 31 अगस्त से तीन सितंबर तक नयी दिल्ली और मुंबई की सरकारी यात्रा करेंगे।
न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) ऑस्ट्रेलिया का सबसे ज़्यादा आबादी वाला प्रांत है और इसी प्रांत में सिडनी है, जो देश का सबसे बड़ा शहर तथा एक प्रमुख वित्तीय, व्यावसायिक और शैक्षिक केंद्र है। बयान में कहा गया है कि 2024-25 में एनएसडब्ल्यू और भारत के बीच 6.87 अरब आस्ट्रेलियाई डॉलर (4.86 अरब अमेरिकी डॉलर) का व्यापार हुआ, जिससे भारत इस प्रांत का ‘सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदारों’ में से एक बन गया। मिन्स ने कहा, ‘‘मुझे गर्व है कि शासनाध्यक्ष (प्रीमियर) के तौर पर मेरी पहली विदेश यात्रा भारत की होगी।
यह हमारे रिश्तों की अहमियत और एनएडब्ल्यू में भारतीय समुदाय के बड़े योगदान को दर्शाता है।’’
सिडनी में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में मिन्स ने इस यात्रा की घोषणा की। बयान के अनुसार, मिन्स की चार दिन की भारत यात्रा का मुख्य उद्देश्य व्यापार को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और व्यवसायों के लिए नए अवसर पैदा करने के लिए सरकारी और व्यावसायिक स्तर पर बातचीत करना होगा। भारत दौरे के बाद, मिन्स नेपाल के साथ संबंध मजबूत करने के लिए चार-पांच सितंबर को काठमांडू जाएंगे।
![]()

