Breaking News

Sri Lanka Airport पर 55,600 सिगरेट की तस्करी करते दो भारतीय गिरफ्तार

श्रीलंका के भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चीन में निर्मित सिगरेटों की तस्करी कर उन्हें देश में लाने की कोशिश करने के आरोप में दो भारतीय नागरिकों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बरामद सिगरेटों की अनुमानित कीमत 8,34,000 श्रीलंकाई रुपये बताई गई है। ‘डेली मिरर’ अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय एक व्यक्ति और 38 वर्षीय एक महिला के रूप में हुई है।

आरोपी पुरुष निर्माण क्षेत्र में काम करता है, जबकि महिला एक स्कूल शिक्षिका है। रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है। आरोप है कि दोनों ने चीन में विभिन्न ब्रांड की 278 पेटियों में रखी 55,600 सिगरेट खरीदी थीं।

इसके बाद वे सिंगापुर गए और वहां से सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान एसक्यू-468 से देर रात करीब 12:25 बजे श्रीलंका पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ने सिगरेट से भरी पेटियों को तीन सूटकेस में छिपा रखा था। उन्हें हवाई अड्डा पुलिस स्वापक ब्यूरो ने पकड़ लिया।

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आरोपियों को नेगोंबो मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा।

Loading

Back
Messenger