Breaking News

Summer Health Guide: शुरू हो रहा है Nautapa, जानें 9 दिनों में हेल्दी रहने के लिए क्या खाएं और क्या नहीं

उत्तर भारत में 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जो 2 जून तक चलेगा। ये नौ दिन साल के सबसे गर्म दिन माने जाते हैं, जिसमें पूरे देश में भारी गर्मी पड़ती है। इस दौरान चलने वाली तेज लू और कड़क धूप का सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है। इसीलिए, इन नौ दिनों में अपनी सेहत का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी है।
तेज गर्मी में ज्यादा पसीना निकलने के कारण शरीर से पानी और जरूरी मिनरल्स कम हो जाते हैं। इससे कमजोरी, सिरदर्द, डिहाइड्रेशन और पेट की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। इस झुलसाने वाली गर्मी से बचने और शरीर को अंदर से ठंडा रखने के लिए हमारी डाइट का सही होना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं कि नौतपा के दौरान हमें क्या खाना चाहिए और किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए।
 

इसे भी पढ़ें: आम Headache और Brain Cancer वाले सिरदर्द में क्या है फर्क? ये 5 Symptoms दिखें तो हो जाएं अलर्ट

नौतपा में क्या खाएं?

इस दौरान खुद को स्वस्थ रखने का सबसे पहला नियम यह है कि ऐसा खाना खाएं जो पचने में बिल्कुल हल्का हो और जिसमें पानी की मात्रा ज्यादा हो ताकि शरीर पर ज्यादा भार न पड़े।
पानी से भरपूर फल और सब्जियां
इस मौसम में तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी और संतरा जैसी चीजें ज्यादा से ज्यादा खाएं। इनमें 90% से ऊपर पानी होता है, जो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता। सब्जियों में लौकी, तोरई, कद्दू और टिंडा जैसी हल्की हरी सब्जियां खाएं, जो पेट को आराम देती हैं।
घर के बने देसी ड्रिंक्स
बाजार की कोल्ड ड्रिंक्स या पैकेट वाले जूस की जगह घर के बने पारंपरिक ड्रिंक्स पिएं। दोपहर के खाने में पुदीने और भुने जीरे वाली छाछ या दही जरूर लें, यह पेट को ठंडा रखती है। इसके अलावा कच्चे आम का पन्ना लू से बचाता है, और सत्तू का शरबत शरीर को तुरंत ताकत और ठंडक देता है। नींबू पानी और नारियल पानी भी शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करते हैं।
हल्का और सादा भोजन
दोपहर और रात के खाने में भारी भोजन करने से बचें। इसकी जगह मूंग की दाल की खिचड़ी, दाल-चावल, दलिया या पतली रोटी और हरी सब्जी खाएं। यह खाना आसानी से पच जाता है।
 

इसे भी पढ़ें: Summer Heat में बढ़ जाता है कान में Infection का खतरा, Doctor से जानें बचने के सेफ उपाय

नौतपा में किन चीजों से परहेज करें?

कुछ चीजें ऐसी होती हैं जो गर्मियों में हमारे शरीर का तापमान बढ़ा देती हैं और पाचन को खराब करती हैं।
ज्यादा मसालेदार और तला-भुना खाना
तेज मिर्च-मसाले, समोसे, कचोरी और बहार का तला हुआ खाना पचाने में भारी होता है। इससे पेट में गैस और एसिडिटी बढ़ती है, जिससे आप दिनभर सुस्त महसूस कर सकते हैं।
चाय और कॉफी
चाय और कॉफी में कैफीन होता है, जिससे बार-बार पेशाब आता है और शरीर में पानी की कमी हो सकती है।
ज्यादा मीठी चीजें और शराब
ज्यादा चीनी वाली सॉफ्ट ड्रिंक्स और शराब पीने से भी शरीर का पानी तेजी से सूखता है, इसलिए इनसे दूर रहें।
बासी और खुला हुआ खाना
गर्मियों में तेज तापमान की वजह से खाना बहुत जल्दी खराब हो जाता है। फूड पॉइजनिंग से बचने के लिए हमेशा ताजा बना हुआ खाना ही खाएं।

सेहत के लिए एक जरूरी सलाह

नौतपा के दिनों में प्यास लगने का इंतजार न करें। हर आधे-एक घंटे में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच, जब धूप सबसे तेज होती है, बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। सही खान-पान अपनाकर आप इस भारी गर्मी में भी पूरी तरह सेहतमंद रह सकते हैं।

Loading

Back
Messenger