रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच खींचतान बढ़ गई है, क्योंकि सपा ने सहमति से पहले ही उम्मीदवार घोषित कर दिए। इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बसपा से गठबंधन की संभावना जताई, जिस पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें बयानबाजी के बजाय काम पर ध्यान देने की नसीहत दी।
एक पुरानी कहावत है- आए थे हरि भजन को, ओटन लगे कपास। सपा और कांग्रेस के लोग मीटिंग पर मीटिंग कर रहे थे कि सीट शेयरिंग का कोई फॉर्मूला तय हो जाए। चाय के दौर चल रहे थे। बैठकों का दौर चल रहा था। लेकिन उससे पहले ही मामला बिगड़ गया क्योंकि बिना फॉर्मूले के ही सपा ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए और इनमें भी दो सीटें ऐसी थी कि जिस पर कांग्रेस भी दावेदारी पेश कर रही थी। सपा के प्रत्याशी उतारने के बाद कांग्रेस की जैसी प्रतिक्रिया है, उसमें अखिलेश के बरक्स मायावती को भी खड़ा किया जा रहा है। उन्हें प्रदेश का बड़ा नेता बताया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच कथित खींचतान के बीच, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार नहीं किया। हालांकि, कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि गठबंधन बनाने की पहल बीएसपी प्रमुख मायावती को ही करनी होगी। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार मसूद ने कहा कि हमने अभी तक कोई बातचीत भी नहीं की है। मैंने हमेशा यही कहा है कि जो लोग एक जैसी सोच रखते हैं, जो धर्मनिरपेक्षता का झंडा बुलंद रखना चाहते हैं, उन्हें एक साथ आना चाहिए। लेकिन बहनजी (मायावती) को आगे आना होगा, और वह आगे आती ही नहीं हैं, है ना? फिलहाल, बहुजन समाज पार्टी यूपी चुनाव अकेले लड़ रही है। विधानसभा चुनावों के लिए, सपा-कांग्रेस गठबंधन के अलावा, एआईएमआईएम के ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) के चंद्रशेखर आजाद ने भी एक गठबंधन बनाया है।
कांग्रेस अध्यक्ष से मिली मसूद को नसीहत
इमरान मसूद के इतना कहने भर की देर थी कि अगले ही दिन संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तरफ से लगातार बयानबाजी करते इमरान मसूद को नसीहत दे दी गई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सांसद इमरान मसूद को कम बोलने की सख्त नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी पर सुनते हैं, जहां वह बड़े जोश के साथ अपनी बात रखते हैं। लेकिन हमें सिर्फ बातें करने के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए। अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि जितना ज्यादा हम मिलकर काम करेंगे, उतनी ही आगे बढ़ेंगे।
क्या कांग्रेस की SP से 131 सीटों की मांग सही है?
सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे का मामला उलझ गया है। यूपी में 403 विधानसभा क्षेत्र है। कांग्रेस ने सपा से 131 सीटे मांगी है। सपा ने 26 ऑफर की है। काग्रेस ने 1996 का चुनाव बीएसपी के साथ मिलकर लड़ा। तब उसके हिस्से में 126 सीटे आई थी। इनमें से उसने 33 जीती और BSP ने 296 पर चुनाव लड़कर 67 पर जीत हासिल की। 2002 में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा। तब उसने 402 सीटों पर प्रत्याशी उतारे। मगर जीत मिली सिर्फ 25 पर। 2007 में कांग्रेस फिर अकेले लड़ी। 393 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। 22 सीटें जीती। 2012 में पार्टी ने RLD का साथ लिया। तब कांग्रेस ने 355 और आरएलडी ने 46 सीटों पर चुनाव लड़ा। 28 पर कांग्रेस जीती और 9 पर आरएलडी को जीत मिली। 2017 में सपा-कांग्रेस साथ आए। सपा ने 311 और कांग्रेस ने 114 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। कांग्रेस को सिर्फ 7 सीटो पर ही जीत मिली। 2022 में अलायंस नहीं हुआ। कांग्रेस 2 सीटें जीत पाई।
2024 के लोकसभा चुनाव में इमरान मसूद ने सहारनपुर सीट पर 5,47,967 वोट हासिल किए थे। उन्होंने बीजेपी के राघव लखनपाल शर्मा को 64,542 वोटों से हराया था। सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसा सीटों में से तीन पर कांग्रेस आगे रही। पार्टी इसे क्षेत्र में अपनी मजबूत राजनीतिक स्थिति और विधानसभा चुनाव में अधिक सीटों की दावेदारी का आधार मान रही है। इसके अलावा कैराना लोकसभा क्षेत्र की दो सीट के सहारनपुर जिले में आती है वहां समाजवादी पार्टी की इकरा हसन आगे रही थी। इस तरह सहारनपुर जिले की सात में पांच विधानसभा सीटों पर लोकसनभा चुनाव में कांग्रेस और सपा गठबंधन को सबसे ज्यादा चोट मिले थे।
कांग्रेस की दावेदारी वाली दोनों सीटों पर सपा के विधायक है। बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर से आशु मलिक। सपा ने 24 नवंबर को अपनी पहली सूची में दोनों को फिर उम्मीदवार घोषित कर दिया। सीट बंटवारे की बातचीत के बीच इस घोषणा ने कांग्रेस की नाराजगी बढ़ाई। सपा के लिए इन सीटों पर समझौता करना अपने मौजूदा विधायकों और स्थानीय संगठन की दावेदारी को कमजोर करने जैसा होगा।
![]()

