आज यानी की 09 सितंबर को बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं। बता दें कि अभिनेता ऑन स्क्रीन ही नहीं बल्कि रियल लाइफ में भी खिलाड़ी कुमार है। आज वह इंडस्ट्री के सफल अभिनेताओं की लिस्ट में शामिल हैं। लेकिन बॉलीवुड में उनका यह सफर इतना भी आसान नहीं रहा हैं। आज साल में 4-5 फिल्में करने वाले अक्षय कुमार ने अपनी पहली फिल्म में महज 7 सेकेंड का रोल किया था। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर अभिनेता अक्षय कुमार के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…
जन्म और शिक्षा
अक्षय कुमार का जन्म पंजाब के अमृतसर में 09 सितंबर 1967 को एक पंजाबी परिवार में हुआ था। इनका असली नाम राजीव हरिओम भाटिया है। वहीं अक्षय कुमार के पिता का नाम हरिओम भाटिया था। जोकि सेना के ऑफिसर थे। अभिनेता को बॉलीवुड में खिलाड़ी कुमार के नाम से भी जाना जाता है।
अक्षय कुमार ने अपनी स्कूली शिक्षा डॉन बॉस्को हाई स्कूल, माटुंगा से पूरी की। साथ ही वह कराटे भी सीखते थे। फिर बाद में वह उच्च शिक्षा के लिए गुरु नानक खालसा कॉलेज में एडमिशन लिया। लेकिन पढ़ाई में मन ना लगने के कारण उन्होंने बीच से ही पढ़ाई छोड़ दी। बाद में अक्षय कुमार के पिता ने उन्हें आर्ट सीखने के लिए बैंकॉक भेज दिया। अक्षय कुमार ने थाईलैंड में 5 साल तक थाई बॉक्सिंग सीखी।
वेटर का काम
इसके बाद उन्होंने ढाका के एक होटल में बतौर शेफ काम करना शुरू किया। फिर वह दिल्ली जाकर कुंदन के आभूषण बेचने लगे। इसके बाद वह मुंबई वापस लौटकर मार्शल आर्ट सिखाने लगे। वहीं इसी दौरान उन्होंने बतौर मॉडल अपने करियर की शुरूआत की। इसके अलावा वह कई फिल्मों में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
फिल्मी करियर
साल 1991 में आई फिल्म ‘सौगंध’ से अक्षय कुमार ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद अभिनेता ने एक से बढ़कर एक कई फिल्में दी। अक्षय कुमार ने अंदाज, हेरा फेरी, नमस्ते लंदन, धड़कन, दिल्लगी, मुझसे शादी करोगी, भूल भुलैया, एयरलिफ्ट, रुस्तम, केसरी, सिंह इज किंग, अजनबी, बेबी, स्पेशल 26, बच्चन पांडेय, सूर्यवंशी, सम्राट पृथ्वीराज, रक्षाबंधन, बड़े मियां छोटे मियां और खेल खेल आदि फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। वहीं अभिनेता को कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
अपकमिंग फिल्में
वर्क फ्रंट की बात करें तो अभिनेता की एक्शन ड्रामा फिल्म ‘स्काई फोर्स’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा निमरत कौर और सारा अली खान भी हैं। इसके अलावा अक्षय कुमार के पास वेलकम टू द जंगल, हेरा फेरी 3 और ‘सिंघम अगेन’ जैसी फिल्में हैं।