फिल्म जगत की शुरुआती बोल्ड हीरोइन में शामिल रही हैं Bipasha, खुद के नाम पर ‘जोड़ ब्रेकर्स’ फिल्म में बन चुका है गाना

हिंदी फिल्म उद्योग के 90 के दशक के अंत और 2000 की शुरुआत की बात है। एक सांवली-सलोनी सी लड़की ने अपने जीवन में बहुत कुछ कर गुजरने का सपना देखा। उस लड़की का नाम बिपाशा बसु था। जिसकी परवरिश दिल्ली और कोलकाता जैसे शहर में हुई है। बिपाशा ने सबसे पहले मॉडलिंग की और नाम कमाने के लिए मुंबई में कदम रखा। बॉलीवुड में वो एक ऐसा दौर था, जब फिल्मों में बहुत कम हिरोइनें ही बोल्ड दिखने की हिम्मत जुटा पाती थीं। लेकिन जब बिपाशा आईं तो कहर ढा दिया। हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी। उनकी बिंदास वाली फोटोज के पोस्टर छपने लगने थे।
जन्म और परिवार का परिचय
दिल्ली में एक बंगाली फैमिली में बिपाशा बसु का जन्म 7 जनवरी 1979 को हुआ था। उनके पिता हीरक बसु सिविल इंजीनियर हैं और उनकी मां ममता एक हाउस वाइफ हैं। उनकी बड़ी बहन विदिशा और छोटी बहन विजयेता हैं। बिपाशा ने एक बार अपने नाम के बारे में बात करते हुए बताया था कि इसका अर्थ है अंधेरी गहरी इच्छा। ये एक नदी का नाम भी है। बॉलीवुड की सबसे बोल्ड एक्ट्रेस में शामिल बिपाशा ने भी अपने करियर बहुत स्ट्रगल किया है। उन्हें एक टैग दिया जाने लगा। उनके रंग का मजाक उड़ाया जाने लगा। लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने कभी जमाने की परवाह नहीं की और अपनी शर्तों पर जिंदगी की। आज वो उस मुकाम पर है, जिसके लिए उन्होंने कभी कड़ी मेहनत की थी।
बिपाशा की पढ़ाई लिखाई और मॉडलिंग करियर
आठ साल की उम्र तक बिपाशा ने दिल्ली में ही पढ़ाई की। इसके बाद उनकी फैमिली कोलकाता शिफ्ट हो गई, जहां स्कूल में उन्हें बच्चे ‘लेडी गुंडा’ कहते थे और वे क्लास की हेड गर्ल रहीं और छोटे बाल, दमदार पर्सनैलिटी से लाइमलाइट में रहती थीं। साल 1996 में कोलकाता के एक होटल में बिपाशा बसु को मॉडल मेहर जेसिया रामपाल ने देखा। उसी समय उन्होंने बिपाशा को मॉडलिंग करने का सुझाव दिया। तभी से बिपाशा ने सुपरमॉडल कॉम्पिटीशन में हिस्सा लिया और जीत भी गईं। फिर मियामी में फोर्ड मॉडल्स सुपरमॉडल ऑफ द वर्ल्ड कॉम्पिटीशन में देश को रिप्रेजेंट किया। यहीं से ही बिपाशा का सफर शुरू हुआ।
दीं कई हिट फिल्में
बिपाशा बसु ने बॉलीवुड में साल 2001 में कदम रखा। जब वो अक्षय कुमार के साथ ‘अजनबी’ फिल्म में नजर आईं थीं। जिसे मशहूर डायरेक्टर अब्बास-मस्तान ने डायरेक्ट किया था। उनकी पहली फिल्म काफी सफल रही थी। फिल्म जगत में उनकी बोल्ड इमेज बनी। अगले ही साल 2002 में बिपाशा ने एक और फिल्म दी ‘राज’ और इसमें उनकी एक्टिंग और बोल्डनेस की खूब चर्चा हुई। फिल्म के डायलॉग से लेकर गाने तक हिट हुए। इस फिल्म को विक्रम भट्ट ने डायरेक्ट किया था।
इसके बाद बिपाशा ने कई फिल्में कीं, जैसे – जिस्म, जमीन, मदहोशी, बरसात, नो एंट्री, धूम 2, फिर हेरा फेरी, ओमकारा। वो साउथ मूवीज में भी नजर आईं। बिपाशा ने साल 2015 में करण सिंह ग्रोवर के साथ ‘अलोन’ मूवी में काम किया था। इसके बाद दोनों ने वेब सीरीज ‘डेंजरस’ में भी साथ काम किया, जो साल 2020 में स्ट्रीम हुई थी। साल 2012 में आयी फिल्म जोड़ ब्रेकर्स में उनके खुद के नाम पर गाना भी बन चुका है। इस आइटम सांग में खुद बिपाशा ने डांस किया था।
निजी जीवन
साल 1996 से 2002 तक बिपाशा बसु ने डिनो मोरिया को डेट किया, लेकिन फिर इनका रिश्ता टूट गया। इसके बाद 2002 में बिपाशा की जॉन अब्राहम से नजदीकियां बढ़ीं। दोनों साल 2011 तक एक-दूसरे के साथ थे। बताया जाता है कि बिपाशा ने हरमन बावेजा को भी डेट किया था, लेकिन 2014 में दोनों अलग हो गए थे। इसी साल ‘अलोन’ फिल्म के सेट पर बिपाशा की मुलाकात करण सिंह ग्रोवर से हुई। दोनों ने 2016 में शादी की। 12 नवंबर 2022 को बिपाशा ने बेटी को जन्म दिया। दोनों ने अपनी गुड़िया का नाम देवी रखा है। वे सोशल मीडिया पर बिटिया की हल्की-फुलकी झलक दिखाती रहती हैं।
करोड़ों की मालकिन हैं बिपाशा
उनकी नेटवर्थ 113 करोड़ रुपये है। उनकी मंथली इनकम 50 लाख रुपये से भी ज्यादा है। फिल्मों के साथ-साथ ब्रांड एंडोर्समेंट से भी वो मोटी कमाई करती हैं। मुंबई के बांद्रा में उनका आलीशान घर है। इस प्रॉपर्टी की कीमत 16 करोड़ रुपये बताई जाती है। देश में कई जगहों पर उनकी प्रॉपर्टी है। उनके पास ऑडी से लेकर फॉर्च्यूनर तक जैसी महंगी गाड़ियां भी हैं। वो एक मूवी के लिए 3 से 4 करोड़ रुपये फीस लेती हैं। साथ ही प्रॉफिट में भी कुछ हिस्सा होता है। ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए वो 2 करोड़ के आसपास चार्ज करती हैं।