इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांच से भरपूर रहा। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने 173 रनों का टारगेट चेज करते हुए छह विकेट से जीत दर्ज की है। इस मुकाबले में टीम को कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने मिलकर शानदार शुरुआत दी।
टीम के लिए कप्तानी पारी खेल रहे रोहित शर्मा ने इस दौरान एक शानदार छक्का जड़ा। इस छक्के को देखकर डगआउट में बैठे अर्जुन तेंदुलकर भी खुशी से झूम उठे। इस छक्के पर वो ना सिर्फ खुशी से उछलने लगे बल्कि उन्होंने कुछ ऐसा रिएक्शन दिया जो की सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले में रोहित शर्मा ने स्पिनर ललित यादव की गेंद पर स्क्वेयर लेग पर बाउंड्री पर छक्का लगाया।
इस दौरान अर्जुन तेंदुलकर उछलने लगे। उन्होंने खुद ही अंपायर की तरह छक्का लगने का इशारा किया और अपने हाथ अंपायर की भांति ही उपर किए। अर्जुन तेंदुलकर का इस तरह से रिएक्ट करना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। बता दें कि इस गेंद को जिस तरह से रोहित शर्मा ने मारा उसके बाद संशय था कि ये छक्का है या चौका मगर उससे पहले ही अर्जुन तेंदुलकर का छक्का जड़े जाने का रिएक्शन काफी वायरल हो रहा है।
अर्जुन को मौका ना मिलने पर भड़के फैंस
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर को मौका नहीं दिया गया है। इस मुकाबले में उम्मीद थी कि वो शायद मुकाबला खेल सकते हैं मगर ऐसा नहीं हुआ। गौरतलब है कि अर्जुन तेंदुलकर बीते दो वर्षों से आईपीएल से जुड़े हुए है मगर उन्हें अब तक पदार्पण करने का मौका नहीं मिला है। वहीं मुंबई इंडियंस को इस लीग में पहली जीत मिली है, जिसका कारण है कि टीम के कई सीनियर खिलाड़ी फॉर्म में नहीं है। ऐसे में अर्जुन को टीम में मौका मिलने की मांग सोशल मीडिया पर तेज हो गई है। इसे लेकर कई फैंस ने कप्तान रोहित शर्मा को खरी खोटी भी सुनाई।