कोलकाता नाइट राइडर्स की आईपीएल 2026 में हालात बेहद खराब है। अजिंक्ये रहाणे की कप्तानी वाली केकेआर का जारी सीजन में अब तक जीत का खाता नहीं खुला है। केकेआर ने 6 मैचों में से पांच गंवा दिए हैं और अंक तालिका में सबसे नीचे दसवें पायदान पर हैं। कोलकाता टीम का एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। केकेआर को शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के हाथों पांच विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। रहाणे ब्रिगेड ने अहमदाबाद के मैदान पर 181 टारगेट दिया जिसे जीटी ने दो गेंद बाकी रहते हुए हासिल कर लिया। वहीं अब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने एक सनसनीखेज दावा किया है।
दरअसल, केविन पीटरसन का कहना है कि आईपीएल के अगले सीजन में ब्रेंडन मैकुलम केकेआर के कोच बनेंगे। न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज मैकुलम अभी इंग्लैंड के हेड कोच हैं।
मैकुलम आईपीएल में केकेआर समेत पांच टीमों के लिए कुल 109 मैच खेल चुके हैं। इसमें 2880 रन उन्होंने बनाए हैं। उन्होंने 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में केकेआर बनाम आरसीबी मैच में 73 गेंदों में 158 रनों की यादगार पारी खेली थी। पीटरसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि, बैज मैकुलम अगले सीजन में केकेआर के कोच होंगे। इस ट्वीट को बुकमार्क कर लें।
Baz McCullum will be the coach of KKR next season. Bookmark this tweet.
— Kevin Pietersen🦏 (@KP24) April 17, 2026
पीटरसन की पोस्ट पर फैंस के तरह-तरह के रिएक्शन आ रहे हैं। कुछ फैंस का मानना है कि केकेआर को खिलाड़ी बदलने चाहिए कोच कुछ नहीं कर सकता।
फिलहाल, केकेआर की कोचिंग का जिम्मा अभिषेक नायर के पास है। उन्हें अक्तूबर 2025 में कोच नियुक्त किया गया था। नायर ने चंद्रकांत पंडित की जगह जिम्मेदारी ली जिनका तीन साल का कार्यकाल रहा। नायर साल 2018 से कोलकाता टीम के साथ जुड़े हुए हैं। वह हेड कोच बनने से पहले केकेआर के स्पोर्टिंग स्टाफ में काम कर रहे थे।