Breaking News

BWF World Championship: नई दिल्ली पहुंचे चीनी बैडमिंटन दल ने जताई संतुष्टि

भारत में होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप से पहले चीन के बैडमिंटन दल ने शनिवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियां इस साल की शुरुआत में हुए इंडिया ओपन की तुलना में काफी बेहतर हैं। मंगलवार से शुरू होने वाली विश्व चैंपियनशिप के सुचारु आयोजन के लिए आयोजकों ने स्टेडियम में व्यापक स्तर पर सुधार किए हैं। जनवरी में इंडिया ओपन के दौरान एचएस प्रणय और लोह कीन यू के बीच दूसरे दौर के मुकाबले में कबूतरों के दो बार कोर्ट में आने से खेल रोकना पड़ा था।

इसके अलावा साफ-सफाई और दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठे थे। भारत में 17 साल बाद विश्व चैंपियनशिप की वापसी हो रही है और आयोजक 17 से 23 अगस्त तक होने वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन को बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। इंडिया ओपन में हिस्सा ले चुकीं तोक्यो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता और मौजूदा विश्व नंबर चार महिला एकल खिलाड़ी चेन यूफेई ने कहा कि स्टेडियम की स्थिति अब काफी बेहतर है।

उन्होंने कहा कि चोट के कारण इस प्रतियोगिता की तैयारी के लिए ज्यादा अभ्यास नहीं किया। चेन ने कहा, “अभी मेरा ध्यान खुद पर भरोसा बनाए रखने और पिछले नतीजों के बारे में ज्यादा न सोचने पर है। परिस्थितियां अब काफी बेहतर हैं, हालांकि मौसम अभी भी मेरे लिए थोड़ा असहज है।”
विश्व नंबर नौ और 2022 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पुरुष एकल खिलाड़ी ली शिफेंग ने भी आयोजन की तैयारियों की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘ इंडिया ओपन की तुलना में कोर्ट की स्थिति, हवा के बहाव और मौसम समेत अन्य व्यवस्थाएं अच्छी तरह संभाली गई हैं और स्टेडियम भी बेहतर स्थिति में है।’’
ली ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में मेरी तैयारी अच्छी रही है और मैं इस बड़े मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हूं। मेरा ध्यान प्रतिद्वंद्वी पर केंद्रित रहने के बजाय अपनी रणनीति को सही तरीके से लागू करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर है।’’
पेरिस ओलंपिक की पुरुष युगल रजत पदक विजेता जोड़ी और मौजूदा विश्व नंबर तीन लियांग वेइकेंग और वांग चांग ने भी कहा कि यहां की परिस्थितियां इंडिया ओपन से कुछ अलग हैं। दोनों ने बताया कि उनकी तैयारी अच्छी चल रही है और शनिवार को उनका अभ्यास सत्र भी काफी कड़ा रहा।

उन्होंने कहा कि मौसम अच्छा है, लेकिन कोर्ट और परिस्थितियां इंडिया ओपन की तुलना में थोड़ी अलग हैं। विश्व नंबर तीन महिला एकल खिलाड़ी वांग झी यी ने भी स्टेडियम की मौजूदा स्थिति को बेहतर बताया। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि स्टेडियम में काफी बदलाव किया गया है, जो अच्छी बात है।

मैंने अभी अभ्यास पूरा किया है और कोर्ट पर थोड़ी हवा महसूस हुई, इसलिए हमें इन परिस्थितियों का अभ्यस्त होना होगा।

Loading

Back
Messenger