Breaking News

IPL 2026 से पहले KKR पर दोहरी मार, Harshit Rana बाहर, गेंदबाज़ Pathirana भी हुए चोटिल

तेज गेंदबाज हर्षित राणा टी20 विश्व कप से पहले अभ्यास मैच के दौरान लगी चोट के कारण शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं जो कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए बड़ा झटका है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप अभ्यास मैच के दौरान इस तेज गेंदबाज के दाहिने घुटने के लिगामेंट में खिंचाव आ गया था। इसके बाद फरवरी में उनकी सर्जरी हुई और उन्हें लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन के लिए जाना पड़ा।

केकेआर के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने कहा, ‘‘यह बड़ा झटका है क्योंकि हर्षित राणा पिछले कुछ सत्र से टीम के अभिन्न अंग रहे हैं। इनमें वह सत्र भी शामिल है जिसमें टीम चैंपियन बनी थी। पिछले एक साल में उन्होंने एक क्रिकेटर के रूप में काफी तरक्की की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें हर्षित राणा की कमी खलेगी। उनकी जगह भरना आसान नहीं है।’’
नवदीप सैनी, आकाश मधवाल, सिमरजीत सिंह, संदीप वारियर और केएम आसिफ कुछ ऐसे तेज गेंदबाज हैं जिन्हें इस सप्ताह ईडन गार्डन्स में अभ्यास करते हुए देखा गया।

इसे भी पढ़ें: Cricket Australia का सख्त फैसला, Workload के चलते Starc-Cummins की IPL 2026 में No Entry

आसिफ और वारियर को बुधवार को ईडन गार्डन्स में केकेआर के पहले अभ्यास सत्र के दौरान ट्रायल के लिए बुलाया गया था, जबकि सिमरजीत ने इससे पहले मुंबई में ट्रायल के पहले चरण के दौरान प्रभावित किया था।
गुरुवार को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज रहे मधवाल और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व तेज गेंदबाज सैनी ने सिमरजीत के साथ ट्रायल में हिस्सा लिया।
नायर ने कहा, ‘‘ पिछले कुछ दिनों में हमने कई गेंदबाजों को परखा है कि कौन इस भूमिका में फिट बैठता है और कौन अपनी पूरी क्षमता से यह काम कर सकता है। उम्मीद है कि हम कुछ दिनों में फैसला ले लेंगे।’’

नायर ने कहा कि वे बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से चिकित्सा संबंधी अपडेट का इंतजार कर रहे हैं, जहां राणा इस समय रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अभी हर्षित बीसीसीआई की देखरेख में हैं। इसलिए जैसे ही मेडिकल टीम हमसे संपर्क करेगी, हम आपको सूचित कर देंगे।’’
श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की चोट ने भी नए सत्र से पहले केकेआर की रणनीति को गड़बड़ा दिया है।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बाद में एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मथीशा पथिराना ने आईपीएल 2026 में भाग लेने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने का आग्रह किया है लेकिन अभी तक उनका फिटनेस परीक्षण नहीं हुआ है। वह रिहैबिलिटेशन के दौर से गुजर रहे हैं और इसके बाद ही उनका फिटनेस परीक्षण किया जाएगा।’’
आईपीएल 28 मार्च से शुरू हो रहा है और केकेआर अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद वह दो अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा।

इसे भी पढ़ें: KKR में कब होगी Matheesha Pathirana की Entry? कोच अभिषेक नायर ने बताई वापसी की तारीख, फैंस का इंतजार बढ़ा

केकेआर के मुख्य स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे हैं लेकिन टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे का मानना ​​है कि टी20 विश्व कप के बाद मिला ब्रेक इस स्पिनर के लिए मददगार साबित होगा।
रहाणे ने कहा, ‘‘मुझे वरुण की गेंदबाजी में कोई कमी नजर नहीं आती। टी20 विश्व कप में विपक्षी बल्लेबाजों ने वरुण चक्रवर्ती का बहुत अच्छी तरह से सामना किया। मुझे लगता है कि यह 10 दिन का ब्रेक उनके लिए काफी मददगार साबित होगा।’’
चक्रवर्ती ने विश्व कप में 14 विकेट लिए लेकिन उन्होंने प्रति ओवर 9.25 रन दिए।

Loading

Back
Messenger