Breaking News

Tammer Boxing Tournament में भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा, 4 स्वर्ण समेत 14 पदकों से शीर्ष पर रहा देश

नयी दिल्ली, एक नवंबर भारतीय मुक्केबाजों ने 46वें अंतरराष्ट्रीय टैमर मुक्केबाजी टूर्नामेंट में रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण, दो रजत और आठ कांस्य सहित कुल 14 पदक के साथ तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। आरती धरियाल (महिला 54 किग्रा), अंकुशिता बोरो (महिला 65 किग्रा), अरुंधति चौधरी (महिला 70 किग्रा) और पवन बर्तवाल (पुरुष 55 किग्रा) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए जबकि मोहम्मद हुसामुद्दीन (पुरुष 60 किग्रा) और जैस्मिन (महिला 57 किग्रा) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 1977 से हर साल आयोजित किया जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी कैलेंडर का एक अहम आयोजन है।

भारत ने इस प्रतियोगिता में 14 सदस्यीय टीम उतारी थी। इसका मुख्य उद्देश्य देश की ओलंपिक भार वर्गों की बेंच स्ट्रेंथ में तीसरे स्थान पर रहने वाले मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव दिलाना था। आरती ने स्कॉटलैंड की केर्नाचन स्टीफन को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अरुंधति ने आयरलैंड की इघारो एवलिन इवी को 3-2 से मात दी।

अंकुशिता ने इंग्लैंड की थॉम्पस्टोन ईला को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वालों में विवेक मीणा (पुरुष 65 किग्रा), हितेश (पुरुष 70 किग्रा), अक्षय (पुरुष 80 किग्रा), बोबिन चौहान (पुरुष 90 किग्रा), चेतन चौधरी (पुरुष 90 किग्रा से अधिक), तनु (महिला 51 किग्रा), दिशा पाटिल (महिला 60 किग्रा) और इम्रोज खान (महिला 75 किग्रा) शामिल रहे।

Loading

Back
Messenger