लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी के निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर है। अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर के परिवार के प्रति दुनिया भर के खिलाड़ियों और खेल हस्तियों ने संवेदना जताई है। टेनिस के दिग्गज राफेल नडाल ने भी मेसी के दुख में उनका साथ देते हुए भावुक संदेश लिखा है। जॉर्ज मेसी का शुक्रवार को अर्जेंटीना के रोसारियो में 68 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हुआ है।
राफेल नडाल ने सोशल मीडिया के जरिए लियोनेल मेसी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। नडाल ने कहा कि वह इस बात की कल्पना भी नहीं कर सकते कि मेसी इस समय किस दर्द से गुजर रहे होंगे। उन्होंने मेसी और उनके पूरे परिवार के लिए अपना प्यार और संवेदनाएं भेजीं और जॉर्ज मेसी की आत्मा की शांति की कामना की है।
गौरतलब है कि नडाल और मेसी के बीच लंबे समय से आपसी सम्मान और प्रशंसा का रिश्ता रहा है। स्पेन के मयोर्का में पले-बढ़े नडाल को बचपन से ही फुटबॉल का काफी शौक रहा है। उनके चाचा मिगेल एंजेल नडाल बार्सिलोना और स्पेन की राष्ट्रीय टीम के लिए खेल चुके हैं। नडाल खुद भी एक समय फुटबॉल और टेनिस के बीच आगे बढ़ने को लेकर सोचते थे, लेकिन बाद में उन्होंने टेनिस को अपना करियर बनाया।
मेसी के पिता को श्रद्धांजलि देने वालों में उनके क्लब इंटर मियामी और अर्जेंटीना के साथी खिलाड़ी रोड्रिगो डी पॉल भी शामिल रहे। मेसी की गैरमौजूदगी में इंटर मियामी के एक मुकाबले के दौरान डी पॉल ने ऐसा भावुक इशारा किया, जिसने सभी का ध्यान खींचा। मेसी उस समय अपने पिता के निधन के बाद परिवार के साथ अर्जेंटीना में थे।
मोंटेरे के खिलाफ मुकाबले में डी पॉल ने लंबी दूरी से शानदार गोल किया। गोल के बाद उन्होंने अपनी इंटर मियामी की जर्सी उतारी, जिसके नीचे मेसी की मशहूर 10 नंबर वाली अर्जेंटीना की जर्सी दिखाई दी। यह उनके दोस्त और टीम साथी के प्रति सम्मान और समर्थन का बेहद भावुक तरीका था।
बता दें कि रोड्रिगो डी पॉल और मेसी लंबे समय से अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम में साथ खेलते रहे हैं। दोनों ने 2022 विश्व कप में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और 2026 विश्व कप में भी एक साथ टीम का हिस्सा रहे हैं।
जॉर्ज मेसी का लियोनेल मेसी के जीवन और करियर में बेहद खास स्थान था। वह सिर्फ उनके पिता नहीं थे, बल्कि लंबे समय तक उनके एजेंट और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में सलाहकार भी रहे। रोसारियो में एक युवा खिलाड़ी के रूप में मेसी की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जब मेसी को बार्सिलोना की मशहूर युवा अकादमी ला मासिया में मौका मिलने की राह खुली, तब जॉर्ज उनके साथ स्पेन गए थे। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे के पेशेवर करियर और कारोबारी मामलों को संभालने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक छोटे शहर से निकलकर दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल होने तक मेसी की यात्रा में उनके पिता का योगदान बेहद अहम रहा है।