शीर्ष वरीय मयंक चक्रवर्ती ने बृहस्पतिवार को यहां एशियाई जूनियर क्लासिकल चैंपियनशिप में शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की जबकि दो प्रमुख दावेदारों विग्नेश अद्वैत वेमुला और अखिलबे इमांगली को कम रैंकिंग वाले प्रतिद्वंद्वियों ने ड्रॉ पर रोक दिया। विग्नेश को नीमाय भानुशाली ने ड्रॉ पर रोका जबकि कजाखस्तान के इमांगली को रिशान जैन के साथ अंक बांटने पड़े। लड़कियों के वर्ग के शुरुआती दौर में कुछ उलटफेर देखने को मिले।
स्वरा लक्ष्मी एस नायर को उनसे काफी कम रेटिंग वली वकचेरी मोहिता ने ड्रॉ पर रोक दिया जबकि आद्या गौड़ा ने अधिक रेटिंग वाली डब्ल्यूएफएम मृत्तिका मलिक को हराया। एक अन्य उलटफेर में उज्बेकिस्तान की लिलिया बेलाया ने भारत की अपने से अधिक रेटिंग वाली अर्चिता अग्रवाल को शिकस्त दी। ओपन चैंपियनशिप में नौ महासंघों के 85 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: ASEAN Chess: भारत की अंडर-11 बालिका टीम ने सिंगापुर में जीता कांस्य पदक
प्रतियोगिता में छह अंतरराष्ट्रीय मास्टर और 11 फिडे मास्टर शामिल हैं जिससे यह एशिया की सबसे मजबूत जूनियर प्रतियोगिताओं में से एक बन गई है। भारत के शीर्ष वरीय अंतरराष्ट्रीय मास्टर मयंक चक्रवर्ती 2500 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष खिलाड़ी हैं। चैंपियनशिप का उद्घाटन ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने किया जिन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।
![]()

