Breaking News

Prague Chess Festival: World Champion Gukesh लगातार दूसरे ड्रॉ पर फंसे, Arvind Chidambaram ने जीत से सबको चौंकाया।

विश्व चैंपियन डी गुकेश ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकूबोव के साथ अंक बांटकर एक और ड्रॉ खेला, लेकिन मौजूदा चैंपियन अरविंद चिदंबरम ने प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग के दूसरे दौर में अमेरिका के हैंस मोके नीमन को हराकर सबको चौंका दिया।
गुकेश लगातार दूसरी बाजी में सफेद मोहरों से खेल रहे थे लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और उन्हें लगातार दूसरे दौर में अंक बांटने पड़े।

उन्होंने पहले दौर में नीमन के साथ भी बाजी ड्रॉ खेली थी।
अरविंद ने फिलिडोर डिफेंस अपनाने की अपनी नई पसंद को जारी रखा, जबकि नीमन ने सफेद मोहरों से शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। यह बाजी जब महत्वपूर्ण मोड़ पर थी तब अमेरिकी खिलाड़ी के पास समय कम पड़ गया जिसका अरविंद ने पूरा फायदा उठाकर जीत हासिल की।
उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से पहले दौर में मिली हार के बाद चेन्नई के इस खिलाड़ी के लिए यह जीत बेहद खुशी देने वाली थी।
एक अन्य मैच में स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो ने नीदरलैंड के जॉर्डन वैन फोरस्ट को हराया।

अब जबकि सात दौर का खेल बाकी है तब अब्दुसत्तोरोव, याकूबोव और स्थानीय खिलाड़ी डेविड नवारा 1.5 अंकों के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं। इन तीनों के बाद गुकेश, अरविंद, वैन फोरेस्ट और गुइजारो का नंबर आता है जो उनसे आधे अंक से पीछे हैं।
ईरान के परहम मगसूदलू, जर्मनी के शीर्ष वरीयता प्राप्त विंसेंट कीमर और नीमन ने 10 खिलाड़ियों के नौ दौर के टूर्नामेंट में अभी आधा अंक ही हासिल किया है।
चैलेंजर्स वर्ग में ग्रैंडमास्टर और विश्व महिला कप विजेता दिव्या देशमुख ने स्पेन के डैनियल युफ्फा के साथ ड्रॉ खेला। इस वर्ग में खेल रहे एक अन्य भारतीय खिलाड़ी सूर्य शेखर गांगुली ने डेनमार्क के जोनास बुहल बिएरे के साथ ड्रॉ खेलकर अपना खाता खोला।

Loading

Back
Messenger