Breaking News

Yannik Sinner की Shocking Exit, जीता हुआ मैच हारे, Paris की गर्मी से French Open में बिगड़ी तबीयत

फ्रेंच ओपन 2026 में गुरुवार का दिन टेनिस जगत के लिए बेहद चौंकाने वाला साबित हुआ, जब दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर दूसरे दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। पेरिस की भीषण गर्मी के बीच सिनर ने शुरुआती दो सेट आसानी से अपने नाम किए, लेकिन इसके बाद मुकाबला पूरी तरह बदल गया और अर्जेंटीना के खिलाड़ी जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने शानदार वापसी करते हुए बड़ा उलटफेर कर दिया।
कोर्ट फिलिप शात्रिए पर खेले गए इस मुकाबले में यानिक सिनर ने पहले दो सेट 6-3 और 6-2 से जीतकर मैच पर मजबूत पकड़ बना ली थी। ऐसा लग रहा था कि इटली के स्टार खिलाड़ी आसानी से अगले दौर में पहुंच जाएंगे। बता दें कि स्पेन के स्टार खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्कारेज़ के हटने के बाद सिनर को इस बार खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था।
हालांकि तीसरे सेट में मुकाबले की तस्वीर अचानक बदल गई। मौजूद जानकारी के अनुसार पेरिस में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिसका असर सीधे सिनर की फिटनेस पर दिखाई देने लगा। वह बार-बार थके हुए नजर आए और कोर्ट पर झुककर सांस लेते दिखे। मैच के दौरान उन्होंने चक्कर और घबराहट महसूस होने की शिकायत भी की, जिसके बाद उन्हें चिकित्सकीय सहायता लेनी पड़ी थीं।
गौरतलब है कि तीसरे सेट में सिनर 5-4 से आगे चल रहे थे और जीत से सिर्फ एक गेम दूर थे, लेकिन इसी दौरान उनकी शारीरिक स्थिति तेजी से बिगड़ती चली गई। मेडिकल ब्रेक के बाद जब वह कोर्ट पर लौटे तो उनके गले में बर्फ की पट्टियां लगी थीं और पेय पदार्थों में अतिरिक्त खनिज मिलाए गए थे, लेकिन तब तक मैच का रुख बदल चुका था।
दूसरी तरफ जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने लंबे रैलियों के जरिए सिनर को लगातार दौड़ाया और दबाव बनाए रखा। सिनर जहां हर अंक के बाद थके हुए नजर आ रहे थे, वहीं सेरुंडोलो का आत्मविश्वास लगातार बढ़ता गया।
मौजूद जानकारी के अनुसार सिनर ने एक समय लगातार 18 अंक गंवा दिए, जिसने मैच को पूरी तरह अर्जेंटीना के खिलाड़ी की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद सेरुंडोलो ने तीसरा सेट 7-5 से जीत लिया और फिर चौथे व पांचवें सेट में पूरी तरह हावी रहे। उन्होंने मुकाबला 6-3, 6-2, 5-7, 1-6 और 1-6 से अपने नाम कर लिया।
बता दें कि यह जीत जुआन मैनुअल सेरुंडोलो के करियर की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। इसी के साथ वह पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के तीसरे दौर में पहुंचे हैं। वहीं यानिक सिनर की 30 मैचों की लगातार जीत का सिलसिला भी टूट गया।
गौरतलब है कि सिनर इस साल शानदार फॉर्म में चल रहे थे। उन्होंने रोम, मैड्रिड, मोंटे कार्लो, मियामी और इंडियन वेल्स जैसे बड़े टूर्नामेंट जीते थे। कई विशेषज्ञ मान रहे थे कि इस बार वह अपने करियर का पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीत सकते हैं, लेकिन पेरिस की तेज गर्मी और खराब फिटनेस ने उनका सपना तोड़ दिया।
इस हार के बाद अब पुरुष सिंगलस  मुकाबला पूरी तरह खुल गया है और टूर्नामेंट में नए चैंपियन की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं।

Loading

Back
Messenger