Breaking News

Ahmedabad Airport पर 13 करोड़ का Hydroponic Ganja जब्त, बैंकॉक से आए दो तस्कर पकड़े गए

अहमदाबाद, एक नवंबर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो यात्रियों को ट्रॉली बैग में पॉलीथिन के पैकेटों में छिपाकर लाया गया 13 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया गया। एक सीमा शुल्क अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार यात्रियों की पहचान सूरत निवासी मोहम्मद अकील शेख (31) और कनीज जहेरा मोमिन (29) के रूप में हुई है।

सीमा शुल्क विभाग की ‘एयर इंटेलिजेंस यूनिट’ के अधिकारियों ने बैंकॉक से उड़ान संख्या टीजी-343 से यहां पहुंचे शेख और मोमिन को रोककर पूछताछ की। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया, ‘‘यात्रियों के सामान की एक्स-रे जांच के दौरान एक संदिग्ध चीज की तस्वीर दिखाई दी। गहन जांच करने पर उनके ट्रॉली बैग में 14 पैकेट पाए गए।’’
प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि बरामद किया गया पदार्थ हाइड्रोपोनिक गांजा था।

जब्त किए गए मादक पदार्थ का कुल वजन 13.012 किलोग्राम पाया गया। सूत्रों के अनुसार अवैध मादक पदार्थ बाजार में इस प्रतिबंधित सामग्री की कीमत लगभग 13 करोड़ रुपये हो सकती है। विज्ञप्ति में बताया गया कि यात्रियों को स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है तथा मामले की जांच जारी है।

हाइड्रोपोनिक गांजा एक उच्च गुणवत्ता और अधिक असरदार किस्म का गांजा होता है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है।

Loading

Back
Messenger