Breaking News

क्या राहुल गांधी को लगता है कि सशस्त्र बल मणिपुर में भारतीयों पर गोली चलाएंगे: भाजपा

भाजपा ने शनिवार को राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या उन्हें लगता है कि सशस्त्र बल हिंसा प्रभावित मणिपुर में भारतीयों पर गोली चलाएंगे और दावा किया कि कांग्रेस नेता के मन में लेशमात्र भी लोकतंत्र नहीं है।
भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि क्या वह (राहुल)वही चाहते हैं जो उनकी दादी और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1960 के दशक में आइजोल में वायुसेना को बमबारी करने का आदेश देकर किया था।
प्रसाद ने इस बात का जिक्र करते हुए यह कहा कि राहुल ने दावा किया है कि यदि अनुमति दी जाए तो सशस्त्र बल दो दिन के अंदर ही राज्य में शांति बहाल कर सकते हैं।
कांग्रेस ने कहा है कि वायुसेना का इस्तेमाल तब सशस्त्र उग्रवादी समूहों को निशाना बनाने के लिए किया गया था।

प्रसाद ने सवाल किया, क्या राहुल गांधी को लगता है कि सशस्त्र बल मणिपुर में भारतीयों पर गोली चलाएंगे? या उन्हें सद्भाव फैलाना चाहिए और भारतीयों को एकजुट करने के लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने रेखांकित किया कि मणिपुर में दो समुदायों (मेइती और कुकी) के बीच काफी तनाव है। प्रसाद ने राहुल पर संसद में भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया।
हालाँकि, लोकसभा में दिये राहुल के भाषण के कुछ विवादास्पद अंश हटा दिए गए, लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने संवाददाता सम्मेलन में सरकार के खिलाफ अपना यह आरोप दोहराया कि उसकी राजनीति के कारण मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई।
प्रसाद ने कहा कि राहुल न तो देश को समझते हैं और न ही इसकी राजनीति को।
भाजपा नेता ने राहुल से सवाल किया कि वह 1984 की साम्प्रदायिक हिंसा में सिखों की हत्या और 1983 के नेल्ली नरसंहार को कैसे वर्णित करेंगे।

प्रसाद ने कांग्रेस नेता पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी क्षमताओं से नहीं, बल्कि परिवार के नाम के जरिये अपना स्थान हासिल किया है। भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें प्रतिदिन देश को अपनी अक्षमताएं नहीं प्रदर्शित करनी चाहिए।
भाजपा नेता ने विपक्ष पर संसद के मानसून सत्र के दौरान इसे बार-बार बाधित कर पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने का भी आरोप लगाया।
भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह लेने के लिए शाह द्वारा तीन विधेयक पेश किये जाने के बाद, केंद्र के हिंदी (इन विधेयकों के नाम के जरिये) थोपने संबंधी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर भी प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने दक्षिणी राज्य में इस तरह के कई उपक्रमों के संचालित होने का जिक्र करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और भारतीय रेल का नाम लिया।

Loading

Back
Messenger