Breaking News

Gurugram में The Westerlies के निवासियों ने खामियों पर Builder के खिलाफ खोला मोर्चा

गुरुग्राम, चार अक्टूबर गुरुग्राम में सेक्टर-108 स्थित ‘द वेस्टरलीज’ के निवासियों ने सुरक्षा, सीवेज व्यवस्था, पार्कों, बिजली बैकअप और रखरखाव सेवाओं में कथित खामियों को लेकर रविवार को ‘एक्सपेरियन डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड’ और उसकी रखरखाव एजेंसी ‘मेनेज फैसिलिटी मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष राजेश जूण ने बिल्डर की कथित अनियमितताओं की एसआईटी (विशेष जांच दल) से जांच कराने की मांग की, जबकि उपाध्यक्ष रविंदर कुमार यादव ने कहा कि अगर उनकी चिंताओं का समाधान नहीं किया गया तो निवासी कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे। आरडब्ल्यूए के अनुसार, कई जगहों पर बाहरी बाड़ और चारदीवारी क्षतिग्रस्त है, जबकि प्रवेश द्वारों पर लगे बूम बैरियर और पार्क प्लस आरएफआईडी टैग भी ठीक से काम नहीं कर रहे।

निवासियों ने काइट गेट पर मायगेट आगंतुक-प्रबंधन प्रणाली नहीं होने को लेकर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि इससे आगंतुकों की जांच प्रभावित हुई है। आरडब्ल्यूए ने कहा कि मौजूदा मुख्य सीवेज लाइन करीब 900 प्लॉट वाली इस टाउनशिप के लिए पर्याप्त नहीं है। उसने सीवेज नेटवर्क का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कराने और जरूरी विस्तार करने की मांग की।

निवासियों ने पिछले दो वर्षों में कॉमन एरिया मेंटेनेंस (सीएएम) शुल्क 10 रुपये से बढ़ाकर 19 रुपये प्रति वर्ग गज प्रति माह किए जाने पर भी आपत्ति जताई। यह करीब 90 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। आरडब्ल्यूए ने एक्सपेरियन और मेनेज से 15 दिन में लिखित और समयबद्ध कार्ययोजना देने को कहा है।

उसने कहा कि अगर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो निवासी हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (एचआरईआरए), गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), जिला प्रशासन और अन्य सक्षम अधिकारियों के पास जाएंगे। प्रतिक्रिया के लिए बार-बार प्रयास करने के बावजूद एक्सपेरियन डेवलपर्स और मेनेज फैसिलिटी मैनेजमेंट के अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका।

Loading

Back
Messenger