Breaking News

मध्यप्रदेश : शिवपुरी में 6.21 करोड़ रुपये की चरस जब्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में शुक्रवार को एक स्थानीय व्यक्ति के पास से 6.21 करोड़ रुपये मूल्य की चरस जब्त की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक एक खुफिया सूचना के आधार पर देहात थाना प्रभारी जितेंद्र मावई के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने संदीप सिंह (38) नामक व्यक्ति को रोका और उसके पास से दो थैलों में से 60 पैकेट चरस बरामद की।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने संवाददाताओं को बताया कि इस मामले में एक नयी कार भी जब्त की गई है।

अधिकारी ने कहा कि संदीप ने पुलिस को बताया कि उसे लखनऊ के एक ट्रक चालक से 6.21 करोड़ रुपये मूल्य की 30.295 किलोग्राम चरस मिली। यह ट्रक टमाटर भरकर नेपाल ले जा रहा था।
संदीप के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि संदीप को कुछ महीने पहले ही गुना जिले में पकड़ा गया था और उसके पास से अफीम बरामद की गयी थी। संदीप जमानत पर बाहर था।
अधिकारियों के अनुसार पिछले साल जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में 3.49 करोड़ रुपये मूल्य की 17 किलोग्राम चरस जब्त की गई थी।

Loading

Back
Messenger