Breaking News

Odisha का रायरंगपुर रचेगा इतिहास, पहली बार एक मंच पर दिखेंगे President Murmu और PM Modi

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओडिशा सरकार के कार्यकाल के दो साल पूरे होने के मौके पर 20 जून को मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि इस मौके पर राष्ट्रपति मुर्मू के गृह नगर रायरंगपुर में एक भव्य जनसभा का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, जनसुविधाओं, यातायात प्रबंधन और पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं समेत सभी तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा, “चूंकि इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों शामिल होंगे, इसलिए इसका सुचारु व सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।”
बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री राज्य में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी कर सकते हैं।

बैठक में मुख्य सचिव अनु गर्ग, विकास आयुक्त डी.के. सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) हेमंत शर्मा और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शाश्वत मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मयूरभंज के सांसद नवचरण माझी ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू के 19 जून को रायरंगपुर पहुंचने की संभावना है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी 20 जून को कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सांसद ने कहा, “इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। यह पहला अवसर होगा जब राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों एक साथ ओडिशा के दूरस्थ नगर रायरंगपुर में किसी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

Loading

Back
Messenger