Breaking News

Faridabad में ASI पर हमला कर महिला का अपहरण करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा के ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में दो लोगों ने एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) पर कथित रूप से हमला किया और उनकी महिला मित्र का अपहरण कर फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ घंटों के भीतर ही महिला को सुरक्षित बचा लिया गया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार रात सेक्टर-78 इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि बीपीटीपी थाने में तैनात एएसआई धर्मेंद्र रात करीब 10 बजे विज्ञान भवन के पीछे अपनी एक महिला परिचित के साथ कार में बैठे थे। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने कार के आगे अपना वाहन खड़ा कर रास्ता रोक दिया और जब एएसआई ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि कुछ देर बाद दो और युवक वहां पहुंचे, इनमें से एक के हाथ में लोहे की रॉड थी और उसने एएसआई पर कथित रूप से हमला किया। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान एक आरोपी कार में घुसकर चालक की सीट पर बैठ गया जबकि दूसरा व्यक्ति महिला के साथ पीछे की सीट पर बैठ गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद वे महिला को साथ लेकर फरार हो गए और घायल एएसआई को वहीं छोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपियों का पता लगाकर उन्हें फरीदपुर गांव के बस स्टैंड के पास पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि महिला को सुरक्षित बचा लिया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भतौला गांव निवासी यश और फरीदपुर गांव निवासी यशराज के रूप में हुई है।

Loading

Back
Messenger