Breaking News

Donald Trump ने रोका Canada के सामान पर 50 प्रतिशत Tariff, अंतिम समय में बनी सहमति

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने कनाडा से आयात होने वाले 20 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के सामान पर 50 प्रतिशत शुल्क (टैरिफ) लगाने के फैसले को फिलहाल टाल दिया है। यह फैसला दोनों देशों के बीच प्रतिबंध लागू होने से कुछ घंटे पहले अंतिम क्षणों में हुए समझौते के बाद लिया गया। ट्रंप की सोशल मीडिया मंच पर की गई इस घोषणा से आगे की बातचीत के लिए समय मिल गया है।

इस कदम से फिलहाल दोनों देशों के बीच पहले से तनावपूर्ण रिश्तों में और कड़वाहट आने से बच गई है। ट्रंप ने शुल्क लगाने की समयसीमा से दो घंटे से भी कम समय पहले अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने कनाडा पर लगने वाले 50 प्रतिशत शुल्क को रोक दिया है। ये कल सुबह से तीन दिनों की अवधि के लिए लागू होने वाले थे।

ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि कनाडा और अमेरिका के बीच एक समझौता हो गया है।’’
ट्रंप द्वारा लगाए जाने वाले ये आयात शुल्क कनाडा से हर साल अमेरिका भेजे जाने वाले कुल सामान के करीब पांच प्रतिशत हिस्से पर लागू होते। इनमें हॉकी स्टिक से लेकर जीभ की जांच में इस्तेमाल होने वाली लकड़ी की छोटी छड़ियों (टंग डिप्रेसर) तक कई तरह के उत्पाद शामिल हैं। हालांकि, इसका राजनीतिक प्रभाव आर्थिक प्रभाव से कहीं अधिक होने की संभावना थी।

कनाडा ने चेतावनी दी थी कि नए शुल्क लगाए जाने की स्थिति में वह भी अपने स्तर पर शुल्क लगाकर जवाब देगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक विवाद और बढ़ सकता था। पिछले साल दोनों देशों के बीच 880 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य की वस्तुओं और सेवाओं का व्यापार हुआ था।

Loading

Back
Messenger