📰 उमेश गुप्ता, बिल्थरारोड: स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती रत्नागिरी एक्सप्रेस से उतरने के प्रयास में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई।
🚉 जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:55 बजे रत्नागिरी एक्सप्रेस बिल्थरा रोड स्टेशन से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि महिला को यहीं उतरना था, जबकि इस ट्रेन का यहां निर्धारित ठहराव नहीं है। ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही महिला ने जल्दबाजी में उतरने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।
🚑 घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्टेशन कर्मी मौके पर पहुंचे। घायल महिला को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सियर भेजा गया। चिकित्सकों ने बताया कि महिला की सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायल देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
🏥 घायल महिला की पहचान उभांव थाना क्षेत्र के मोलानापुर गांव निवासी नीलम देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने मायके में से वापस घर लौट रही थीं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
🚨 रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि जिन ट्रेनों का किसी स्टेशन पर ठहराव नहीं होता, उनसे चलती हालत में उतरने या चढ़ने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी और लापरवाही बड़े हादसों का कारण बन सकती है, इसलिए यात्री निर्धारित नियमों का पालन करें।
![]()

