Breaking News

बलिया समाजवादी पार्टी ने लगाया मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप, विरोध-प्रदर्शन

📰 बलिया। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और प्रवक्ता सुशील कुमार पांडेय ‘कान्हजी’ ने आरोप लगाया है कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम काटने की प्रक्रिया (फॉर्म-7) का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विपक्षी विचारधारा वाले और आम मतदाताओं के नाम कटवाने का कुचक्र रचा जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद घातक है।

🗳️ उधर इसी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को बांसडीह में जोरदार प्रदर्शन किया। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह की अध्यक्षता में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और इस पर तत्काल रोक की मांग की। ज्ञापन में सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर फॉर्म-7 का सुनियोजित दुरुपयोग किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोग सत्ता द्वारा नियुक्त कुछ पदाधिकारी मिलकर राजनीतिक लाभ के लिए वैध मतदाताओं के नाम कटवा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। सपा ने इसे मतदाताओं के मौलिक अधिकारों के हनन की साजिश करार दिया।

🔍 सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह ने कहा कि “मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी लोकतंत्र की जड़ों पर वार है। फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर गरीब, पिछड़े और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है। समाजवादी पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।”

📢 उन्होंने प्रशासन को चेताया कि यदि नाम काटने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक नहीं लगी और पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

🗣️ सपा नेताओं ने साफ कहा कि यह पूरा मामला पार्टी की जानकारी में है और हर स्तर पर इसकी निगरानी की जा रही है। यदि कथित धांधली जारी रही तो बांसडीह से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक व्यापक जनांदोलन किया जाएगा।

🌐 ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी के पुत्र रंजीत चौधरी, सुशांत राज पाढ़क, विनय कुमार, पप्पू सिंह एडवोकेट, एजाज अहमद, शिवजी वर्मा, हरीशंकर वर्मा, अनिल यादव, प्रभात मौर्य, लल्लन मिश्रा, अमित कुमार सिंह, श्रीभगवान, आशीष प्रताप सिंह, अरविंद यादव, राजा चौहान, अशोक कुमार यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र यादव, राजेश सिंह राजू, उमेश कुमार, अशोक यादव, वीरेंद्र यादव, नंदलाल यादव, चंद्रशेखर यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

Loading

Back
Messenger