? शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर पुलिस चौकी अंतर्गत शिवपुर दियर गांव (देवी राय का डेरा) में शनिवार देर रात झोपड़ी में अचानक आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। झोपड़ी में बंदे 11 पशु आग की चपेट में आ गए। इनमें एक पशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
? जानकारी के अनुसार सुरेंद्र यादव व उनके भाइयों ने शनिवार रात करीब 10:30 बजे गाय-भैंसों को झोपड़ी में बांध रखा था। परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पशुओं के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।
? सूचना मिलने पर शिवपुर दियर पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। निर्देश पर पशु चिकित्सकों की टीम बुलाई गई, जिन्होंने झुलसे पशुओं का उपचार शुरू किया। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और बढ़ सकता था।
![]()

